News Breaking News
Live
wb_sunny

Breaking News

ग्राम पंचायत स्तर पर लगेंगे ग्रामीण सेवा शिविर

ग्राम पंचायत स्तर पर लगेंगे ग्रामीण सेवा शिविर

सेवा पर्व पखवाड़ा के तहत 17 सितंबर से शुरू होंगे शहरी व ग्रामीण सेवा शिविर

ग्रामीण सेवा शिविर में आने वाले हर व्यक्ति को तुरंत राहत प्रदान करें

जिला कलेक्टर डॉ. यादव ने की तैयारियों की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश


हनुमानगढ़। जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 17 सितंबर से शुरू हो रहे ग्रामीण सेवा शिविरों में आने वाले ग्रामीणों को तत्काल राहत दी जाए। संबंधित विभागों के अधिकारियों का यह प्रयास होना चाहिए कि जो भी व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ एवं राजस्व सम्बन्धी अपने काम लेकर शिविर में आए वह निराश नहीं हो। डॉ. खुशाल यादव सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिले में आयोजित किए जाने वाले शिविरों की तैयारी की समीक्षा कर रहे थे।

डॉ. यादव ने कहा कि शिविरों में किसी प्रकार की कोताही ना बरती जाए। सरकार की मंशा के अनुरूप ग्रामीण जनता को पात्रता के अनुसार योजनाओं के लाभ शिविर के दौरान प्रदान करें।

उन्होंने कहा कि शिविर का समय प्रातः 9.30 बजे से 6 बजे तक रहेगा। शिविर समाप्ति यानी 6 बजे तक कुछ कार्य अपूर्ण या लंबित रहे तो विभागवार इसकी सूची संधारित की जाए तथा समयबद्ध तरीके से इन सभी लंबित मामलों का निस्तारण किया जाए। साथ ही शिविर प्रभारी यह भी सुनिश्चित करें की शिविर शुरू होने से शिविर की समाप्ति तक अभियान से संबंधित समस्त विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी पूरे समय शिविर में उपस्थित रहें, ताकि जनता को शिविरों का अधिक से अधिक लाभ मिल सके।

डॉ. यादव ने कहा कि अभियान की अवधि तब तक होगी जब तक कि सभी पंचायत समितियों की प्रत्येक ग्राम पंचायत में शिविर का आयोजन ना हो जाये।

अभियान के तहत विभिन्न सरकारी योजनाओं हेतु आवेदन एवं स्वीकृतियां, स्वास्थ्य शिविर, स्वामित्व योजना के तहत पट्टों हेतु आवेदन, स्वीकृतियां एवं वितरण, दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त गांव के तहत 10 हजार और गावों में बीपीएल परिवारों का सर्वे, बिजली तारों एवं खंभों इत्यादि में सुधार,  स्वच्छता एवं वृक्षारोपण जैसे विभिन्न महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे।

अधिकारियों ने बताया कि अभियान के प्रथम सप्ताह में आयोजित होने वाले शिविर बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार, शनिवार (17, 18, 19 एवं 20 सितम्बर 2025) को प्रत्येक दिवस दो ग्राम पंचायतों में आयोजित किए जाएंगे। शेष अभियान के शिविर सप्ताह के प्रत्येक गुरुवार, शुक्रवार एवं शनिवार को प्रत्येक दिवस दो ग्राम पंचायतों में आयोजित होंगे।



Tags

Newsletter Signup

Sed ut perspiciatis unde omnis iste natus error sit voluptatem accusantium doloremque.