नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक
जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक
स्वच्छता सर्वे को लेकर नगर परिषद की तैयारी तेज
हनुमानगढ़। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिला कलेक्टर काना राम की अध्यक्षता में नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न विकास कार्यों और योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। जिला कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि मलेरिया और डेंगू जैसी मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए नियमित रूप से फोगिंग और एंटी-लार्वा गतिविधियां संचालित की जाएं। उन्होंने नगर निकायों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि प्रत्येक वार्ड में सफाई व्यवस्था सुचारु रूप से चलती रहे और नागरिकों से नियमित फीडबैक लिया जाए। बैठक में बेसहारा पशुओं के प्रबंधन को लेकर विशेष चर्चा हुई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि आवारा पशुओं को गोशालाओं में सुरक्षित पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और उनकी टैगिंग तथा साप्ताहिक रिपोर्टिंग अनिवार्य की जाए। इसके अलावा, कलेक्टर ने "मानस अभियान" के तहत नशा मुक्ति को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि नुक्कड़ नाटकों, जनजागरूकता अभियानों और सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से नशा मुक्त वार्डों की पहचान की जाए और इस दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं। बैठक में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने लंबित आवेदनों के शीघ्र निस्तारण के लिए बैंक अधिकारियों से संपर्क करने और पात्र लाभार्थियों को जल्द से जल्द अनुदान जारी करने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में सतत निगरानी रखें, नागरिकों का सहयोग लें और विकास कार्यों में गति लाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही जिले का सर्वांगीण विकास संभव है।
स्वच्छता सर्वे को लेकर नगर परिषद की तैयारी तेज
नगर परिषद आयुक्त ने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण के तहत सिटीजन फीडबैक की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। इस वर्ष स्वच्छता सर्वेक्षण कुल 12,500 अंकों का होगा, जिसमें मार्च माह में फिजिकल सर्वे टीम के आने की संभावना है। सर्वे टीम द्वारा शहर की सफाई व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया जाएगा और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर नेगेटिव मार्किंग भी की जाएगी। आयुक्त ने बताया कि हनुमानगढ़ और संगरिया में रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था सुचारु रूप से जारी है। साथ ही, हनुमानगढ़ नगर परिषद क्षेत्र में पांच पॉलिथीन वेंडिंग मशीनें स्थापित की जा चुकी हैं। ये मशीनें हनुमानगढ़ टाउन के मुख्य बाजार, दो सब्जी मंडियों और हनुमानगढ़ जंक्शन की दो सब्जी मंडियों में लगाई गई हैं, जिससे प्लास्टिक प्रदूषण पर नियंत्रण पाने में सहायता मिलेगी। जिला कलेक्टर ने सभी नगरीय निकाय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक सफाईकर्मी प्रतिदिन 10-10 नागरिकों से सिटीजन फीडबैक अवश्य लें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक प्रशासनिक कार्य नहीं, बल्कि व्यवहारगत परिवर्तन है, जिसमें आमजन की भागीदारी आवश्यक है। नागरिकों से अपील की गई कि वे अपने शहर को स्वच्छ रखने में सहयोग करें, कचरा केवल ऑटो टीपर में डालें, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाएं और पॉलिथीन का प्रयोग बंद करें। इसके अतिरिक्त, स्वच्छता एप्लिकेशन के माध्यम से नागरिकों से शहर की सफाई के संबंध में फीडबैक देने का आग्रह किया गया है। सभी नगरीय निकाय अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड में जाकर वार्डों का निरीक्षण करने और निरीक्षण की फोटो भेजने के निर्देश दिए गए हैं। गोगामेड़ी मेला क्षेत्र को पॉलिथीन मुक्त बनाने के उद्देश्य से अधिशाषी अधिकारी, नोहर को निर्देशित किया गया कि वे कपड़े या जूट के थैलों की व्यवस्था करें। साथ ही, समस्त नगरीय निकायों से नवाचार अपनाकर वेंडिंग मशीनें लगाने और आमजन को पॉलिथीन के उपयोग से बचने की प्रेरणा देने का आह्वान किया गया।

