टीबी स्क्रीनिंग शिविर
निनाण व जनाना में आयोजित हुआ टीबी स्क्रीनिंग शिविर
दोनों शिविरों में 232 लोगों ने जांच के लिए करवाया पंजीकरण, पोर्टेबल मशीन से हुए 194 एक्स-रे
हनुमानगढ़। जिले में सौ दिवसीय टीबी कैम्पेन अभियान के तहत शुक्रवार 14 फरवरी को खण्ड भादरा की निनाण पीएचसी एवं जनाना सबसेंटर में टीबी स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किया गया। पीएचसी निनाण में टीबी स्क्रीनिंग शिविर प्रात: 9 से 12 बजे तक एवं सबसेंटर जनाना में दोपहर 1 से 4 बजे तक आयोजित किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि टीबी कैम्पेन अभियान के तहत पीएचसी निनाण एवं सबसेंटर जनाना में शिविर आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. मुकेश शेखावत कैंप में उपस्थित रहे तथा आमजन को टीबी के संबंधी में जानकारी प्रदान की। अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने भी टीबी से जुड़ी भ्रांतियों के संबंध में मरीजों एवं उनके परिजनों को बताया। डॉ. शर्मा ने बताया कि पीएचसी निनाण में आज 122 लोगों ने जांच के लिए पंजीकरण करवाया। इसमें से 105 लोगों के पोर्टेबल मशीन से एक्स-रे जांच की गई। 16 मरीजों के सैम्पल अपफ्रंट-नाट के लिए भिजवाए गए एवं 21 मरीजों के सैम्पल माइक्रोस्पोकी के लिए भिजवाए गए। इसी तरह, सबसेंटर जनाना में भी 110 लोगों ने पंजीकरण करवाया, जिसमें से 89 के एक्स-रे लिए गए। इनमें से 9 मरीजों के सैम्पल अपफ्रंट-नाट एवं 31 के सैम्पल माइक्रोस्पोकी के लिए भिजवाए गए। इस दौरान मोबाइल मेडिकल वैन के माध्यम से ही स्क्रीनिंग, जांच और जागरुकता गतिविधियां आयोजित की गई। अभियान के दौरान जिले के प्रत्येक ब्लॉक में सौ दिन तक स्क्रीनिंग की जाएगी। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले के नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना और उन्हें स्वस्थ जीवन जीने के लिए प्रेरित करना है। कैम्प में एसटीएस राजेश कुमार एवं एसटीएलएस शंकर लाल सहित स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। इस दौरान सभी को टीबी रोग की शपथ भी दिलाई गई। टीबी कैम्पेन अभियान के तहत शनिवार 15 फरवरी को खण्ड भादरा की पीएचसी शेरपुरा एवं सबसेंटर रतनपुरा में टीबी स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किया जाएगा। पीएचसी शेरपुरा में टीबी स्क्रीनिंग शिविर प्रात: 9 से 12 बजे तक एवं सबसेंटर रतनपुरा में दोपहर 1 से 4 बजे तक आयोजित किया जाएगा।


