News Breaking News
Live
wb_sunny

Breaking News

हनुमानगढ़ में कृषि महोत्सव 2025 का आयोजन

हनुमानगढ़ में कृषि महोत्सव 2025 का आयोजन

एसकेडी यूनिवर्सिटी में 8 से 10 मार्च तक कृषि महोत्सव, जिले के किसान होंगे लाभान्वित

कृषक करेंगे कृषि वैज्ञानिकों से संवाद, कंवर ग्रेवाल देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुति

जिला कलेक्टर श्री काना राम ने बैठक में दिए निर्देश, फॉर्मर आईडी कार्य में प्रगति लाने के निर्देश


हनुमानगढ़। जिले में 8 से 10 मार्च तक तीन दिवसीय विशाल कृषि मेले का आयोजन किया जा रहा है। इसकी तैयारियों को लेकर जिला कलेक्टर श्री काना राम ने सोमवार को संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। कृषि मेले के अतिरिक्त गिरदावरी, फॉर्मर रजिस्ट्री अभियान की प्रगति को लेकर चर्चा की। जिला कलेक्टर ने मेले में चिकित्सा सुविधा, फायर ब्रिगेड, नवाचारों से युक्त स्टार्टअप को लेकर निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मेले में 250 से अधिक स्टार्टअप, लाइव डेमोंस्ट्रेशन की स्टॉल लगाई जाएगी। समृद्ध किसान - विकसित राजस्थान की थीम पर कृषि महोत्सव- 2025 उन्नत कृषि तकनीकी मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले का आयोजन हनुमानगढ़ जंक्शन में सूरतगढ़ रोड़ पर स्थित श्री खुशालदास विश्वविद्यालय में किया जाएगा। जिला कलेक्टर ने कहा कि मेले का आयोजन एसकेडी विश्वविद्यालय सहित कृषि, उद्यान, पशुपालन, डेयरी, कृषि विपणन एवं आत्मा विभाग के संयुक्त प्रयास से किया जा रहा है। पूर्व में किसानों को दिल्ली और अन्य स्थानों पर जाकर किसान मेलों में भाग लेना पड़ता था, लेकिन मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप अब किसान मेले का आयोजन जिले में ही किया जा रहा हैं, ताकि किसान भाइयों को अधिक लाभ मिल सके और वे अपनी आजीविका को सशक्त बना सकें। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, आदान प्रबंधन, रखरखाव, एवं कृषक कल्याण योजना की जानकारी एक ही स्थान पर प्रदान करना है, ताकि किसान नवीन तकनीकों को अपनाकर कृषि में नवाचार कर सकें। उन्होंने जिले के सभी किसान भाइयों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस मेले में भाग लें और इसका पूरा लाभ उठाएं। देशभर से कृषि स्टार्टअप्स को इस मेले में आमंत्रित किया गया है, जो किसानों को नए अवसर प्रदान करेंगे। इसके अलावा, किसानों के लिए लाभदायक मशीनरी का प्रदर्शन भी किया जाएगा। दिल्ली, हिसार और लुधियाना में जो नवाचार प्रदर्शित होते हैं, उससे भी बेहतर नवाचार इस मेले का आकर्षण रहेंगे।

मेले में यह रहेगा आकर्षण का केंद्र

मेले में आधुनिक कृषि में ड्रोन के उपयोग का लाइव डेमो, स्मार्ट फार्मिग मॉडल के तहत नवाचार और तकनीक से भरपूर खेती के स्मार्ट समाधान, जैविक एवं प्राकृतिक खेती के तहत केमिकल मुक्त खेती और प्राकृतिक पद्धतियों का प्रदर्शन किया जाएगा। कृषि स्टार्टअप एवं एफपीओ द्वारा नए कृषि उद्यमों और किसानों के उत्पादों की प्रस्तुति दी जाएगी। हाईटेक बागवानी के तहत आधुनिक तकनीकों से उन्नत फल-सब्जी उत्पादन, कृषि कल्याणकारी योजनाएँ के तहत सरकार की नई योजनाओ की जानकारी प्रदान की जाएगी।

कृषक करेंगे कृषि वैज्ञानिकों से संवाद, कंवर ग्रेवाल देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुति

विशेष आकर्षण का केंद्र कृषक वैज्ञानिक संवाद रहेगा, जिसमें कृषि वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को नवीन कृषि तकनीकी के बारे में बताया जाएगा। उन्नत पशुओं की प्रतियोगिता का प्रदर्शन किया जाएगा एवं   डेयरी और पशुपालन में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले कृषकों का सम्मान किया जाएगा। मेले में लोक कला, नृत्य और संगीत से सराबोर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें पंजाबी के मशहूर कलाकार श्री कंवर ग्रेवाल, राजस्थानी एवं हरियाणा के अन्य कलाकार हिस्सा लेंगे।



Tags

Newsletter Signup

Sed ut perspiciatis unde omnis iste natus error sit voluptatem accusantium doloremque.