कृषि महोत्सव 2025 में उन्नत कृषि तकनीकी मेले का आयोजन
हनुमानगढ़ में विशाल कृषि मेला, जिला कलेक्टर ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस
राज सखी मेला-2025, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की ओर से निर्मित अनूठे उत्पादों की भव्य प्रदर्शनी
हनुमानगढ़। श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय प्रांगण में 8 से 10 मार्च तक कृषि महोत्सव-2025, उन्नत कृषि तकनीकी मेले का आयोजन होगा। 8 मार्च को सुबह 10.30 बजे आयोजित होने वाले उद्घाटन समारोह में पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के केबिनेट मंत्री श्री जोराराम कुमावत एवं राजस्थान किसान आयोग के अध्यक्ष श्री सीआर चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि शिरकत करेंगे। उद्घाटन समारोह के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में पंजाबी सूफी कलाकार कंवर ग्रेवाल प्रस्तुति देंगे। कृषि महोत्सव को लेकर जिला कलेक्टर काना राम ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। जिला कलेक्टर ने बताया कि हनुमानगढ़ कृषि प्रधान जिला है। कृषि मेले के आयोजन का मुख्य उद्देश्य किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, आदान प्रबंधन, रख-रखाव एवं कृषक कल्याण योजना की जानकारी एक ही स्थान पर प्रदान करना है, ताकि किसान नवीन तकनीकों को अपनाकर कृषि में नवाचार कर सकें। देशभर से कृषि स्टार्टअप्स को इस मेले में आमंत्रित किया गया है, जो किसानों को नए अवसर प्रदान करेंगे। इसके अलावा, किसानों के लिए लाभदायक मशीनरी का प्रदर्शन भी किया जाएगा। दिल्ली, हिसार और लुधियाना में जो नवाचार प्रदर्शित होते हैं, उससे भी बेहतर नवाचार इस मेले का आकर्षण रहेंगे।
राज सखी मेला 2025, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की ओर से निर्मित अनूठे उत्पादों की भव्य प्रदर्शनी
जिला कलक्टर ने बताया कि मेले के पहले दिन सुबह 9 बजे से 10.30 बजे तक कृषकों का पंजीयन होगा। उद्घाटन समारोह के उपरांत दोपहर 12.30 बजे राजसखी-2025 मेले का शुभारंभ होगा। इसमें प्रदेश के कोने-कोने से स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की ओर से निर्मित अनूठे उत्पादों की भव्य प्रदर्शनी और उत्पाद विक्रय के लिए स्टॉल लगाई जाएगी। खरीददारों को प्रतिदिन लक्की ड्रॉ द्वारा पुरस्कार वितरण भी किए जाएंगे। यह मेला 8 से 11 मार्च तक निरंतर चलेगा। दोपहर 12.30 बजे से कृषक मेले की प्रदर्शनी एवं 250 से अधिक स्टार्टअप स्टॉल का अवलोकन कार्यक्रम होगा। दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक देसी गाय, भैंस, भेड़, बकरी और सूअर इत्यादि पशुओं की सौंदर्य प्रतियोगिता होगी। अपराह्न 3 से शाम 6 बजे तक ऑडिटोरियम, कृषक चौपाल, पशुपालक चौपाल में कृषक-वैज्ञानिक संवाद होगा। इसमें कृषि वैज्ञानिकों की ओर से किसानों को नवीन कृषि तकनीकी के बारे में बताया जाएगा। कृषक वैज्ञानिक संवाद के उपरांत प्रश्नोत्तरी होगी, जिसमें सही जवाब देने वाले कृषकों को विशेष पुरस्कार दिया जाएगा।
9 मार्च को यह होंगे कार्यक्रम, हास्य कलाकार ख्याली सहारण देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
मेले के दूसरे दिन 9 मार्च को सुबह 10 से 11 बजे तक बड़े पशुओं घोड़ा, घोड़ी एवं ऊंट की सौंदर्य प्रतियोगिता होगी। सुबह 10 से शाम 6 बजे तक कृषक-वैज्ञानिक संवाद होगा। अपराह्न 3 बजे लाइव ड्रोन प्रदर्शन एवं अपराह्न 3 से शाम 6 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम में हास्य कलाकार ख्याली सहारण, प्लेबेक सिंगर सुश्री श्रेया पालीवाल सहित राजस्थानी-पंजाबी व हरियाणवी लोक कलाकार व स्थानीय कलाकार प्रस्तुति देंगे। मेला स्थल पर चंग धमाल पार्टी की प्रस्तुति होगी एवं बेहतरीन ऊंटों के नृत्य की प्रस्तुतियां होगी। शाम 4 से 6 बजे तक दुग्ध प्रतियोगिता होगा।
10 मार्च को होगा समापन, कृषकों और पशुपालकों का होगा सम्मान
मेले के अंतिम दिन 10 मार्च को सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक कृषक-वैज्ञानिक संवाद एवं अपराह्न 3.30 बजे समापन समारोह होगा। समापन समारोह में कृषकों व पशुपालकों का सम्मान किया जाएगा। जिला कलक्टर ने जिले के सभी किसानों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस मेले में हिस्सा लें और इसका पूरा लाभ उठाएं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में गुरु गोबिंद सिंह चैरीटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा, कृषि संयुक्त निदेशक प्रमोद यादव भी मौजूद रहे।
