आपात परिस्थितियों में सोशल मीडिया पर रखे निगरानी
जिला कलेक्टर ने की विभागीय योजनाओं की समीक्षा
हनुमानगढ़। सोमवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक में जिला कलेक्टर काना राम ने आपात परिस्थितियों को देखते हुए सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में बताया कि आपदा प्रबंधन के तहत जिले में अब तक 15,000 से अधिक नागरिक सुरक्षा समिति सदस्यों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। आगामी मंगलवार को एनएसएस के 1,500 से अधिक छात्रों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिला कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि प्रशिक्षण कार्य लगातार जारी रहना चाहिए। डिफेंस और फर्स्ट एड किट संबंधी प्रशिक्षण भी सुनिश्चित किया जाए। स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए जिला कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को ब्लड बैंक में रक्त की उपलब्धता, ऑक्सीजन सिलेंडर तथा अन्य आपातकालीन सुविधाओं की सतत निगरानी के निर्देश दिए। साइबर सुरक्षा पर डीओआईटी के संयुक्त निदेशक श्री योगेंद्र कुमार ने बताया कि किसी भी संदिग्ध लिंक या दूसरी भाषा में आए संदेश को न खोलें, तत्काल डिलीट करें। साथ ही सभी कर्मचारी अपनी राजकीय ईमेल आईडी का पासवर्ड तत्काल बदलें। जिला कलेक्टर ने सोशल मीडिया पर सतर्कता बरतने की बात कही और स्पष्ट निर्देश दिए कि माहौल बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों पर सख्त कानूनी कार्रवाई हो। बजट घोषणा 2024-25 एवं 2025-26 की समीक्षा के दौरान कार्यादेश जारी नहीं वाली घोषणाओं के यथाशीघ्र कार्यादेश जारी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, कार्य प्रारंभ व पूर्णता की स्थिति की समीक्षा की गई। मंगला पशु बीमा योजना के अंतर्गत अब तक 18,186 पशुओं हेतु स्वास्थ्य प्रमाण पत्र जारी किए जा चुके हैं, जबकि 4,000 से अधिक पशुओं की पॉलिसी भी बनाई जा चुकी है। इस कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। जिला कलेक्टर ने जिले की निजी लाइब्रेरियों का सर्वे करने तथा प्रत्येक उपखंड स्तर पर सरकारी लाइब्रेरियों के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। हरियालो राजस्थान अभियान की समीक्षा करते हुए उन्होंने साइट चयन व प्रभारी नियुक्ति के साथ यह स्पष्ट किया कि बिना सुरक्षा व सिंचाई व्यवस्था के पौधारोपण नहीं किया जाए। बैठक में बीटी कॉटन की बुवाई, सेंपलिंग और अन्य कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई। जिला परिषद सीईओ श्री ओपी बिश्नोई ने बताया कि खेल मैदानों का सभी ग्राम पंचायतों में आकलन किया गया है। जहां कहीं भी सुविधाओं की कमी मिली है, उनमें सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। 72 ग्राम पंचायतों में खेल मैदान से संबंधित नवीन कार्य स्वीकृत किए गए हैं। 21 पंचायतों में बर्तन बैंक और 257 ग्राम पंचायतों में अटल ज्ञान केंद्र स्थापित किए जाएंगे। बैठक में सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

