News Breaking News
Live
wb_sunny

Breaking News

आपणी योजना धन्नासर में जल स्वावलंबन पखवाड़ा (5 जून से 20 जून) का किया शुभारंभ

आपणी योजना धन्नासर में जल स्वावलंबन पखवाड़ा (5 जून से 20 जून) का किया शुभारंभ

"पाणी रो मान राखो, जीवण रो ध्यान राखो"

वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान का आगाज, 

धन्नासर में प्रभारी मंत्री सुमित गोदारा ने जल स्रोतों की पूजा अर्चना के साथ अभियान का किया विधिवत शुभारंभ



हनुमानगढ़। जिले में गुरुवार को वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत आपणी योजना धन्नासर में जल स्रोतों की विधिवत पूजा अर्चना और गंगाजल अर्पण के साथ की गई। इस अवसर पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग मंत्री श्री सुमित गोदारा, भादरा विधायक श्री संजीव बेनीवाल, जिला प्रभारी सचिव डॉ. नीरज के पवन सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारियों ने पूजा अर्चना की। मुख्य कार्यक्रम की शुरुआत से पूर्व सैकड़ों महिलाओं ने कलश यात्रा निकालकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसी दौरान अचानक आई रिमझिम वर्षा ने जैसे इस अभियान पर इंद्रदेव की सहमति की मुहर लगा दी। 

बारिश के बीच जब प्रभारी मंत्री श्री गोदारा ने संबोधन शुरू किया, तो कर्मचारियों ने छाता थामने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने मना करते हुए बरसात में भीगते हुए भाषण पूरा किया, जिससे जनता में उत्साह का संचार हुआ। प्रभारी मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप पर्यावरण दिवस और गंगादशमी के अवसर पर यह महत्वाकांक्षी अभियान प्रारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि राजस्थान, विशेषकर पश्चिमी हिस्सों में पूर्व में सदैव जल संकट गंभीर रहा है, वर्तमान में नहरों से स्थिति बदली है। ऐसे में यह अभियान न केवल पर्यावरणीय जागरूकता बढ़ाएगा, बल्कि जल संचयन के प्रति जनमानस को प्रेरित भी करेगा। मंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती राजे द्वारा शुरू किए गए मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान की भी प्रशंसा की और कहा कि वह नींव भी आज जल संरक्षण के नए आयाम गढ़ रही है। 

प्रभारी मंत्री ने "मां के नाम एक पेड़" का उल्लेख करते हुए पौधारोपण को भी अभियान का अहम हिस्सा बताया। कार्यक्रम के पश्चात सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने मिलकर पौधारोपण किया और स्वच्छ, हरित एवं प्लास्टिक मुक्त भविष्य का संकल्प लिया। इस दौरान उपस्थितजनों को एकल उपयोग प्लास्टिक मुक्त भविष्य की और जल स्रोतों के संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई। भादरा विधायक संजीव बेनीवाल ने जानकारी दी कि वंदे गंगा अभियान 5 जून से 20 जून तक चलेगा। इसके अंतर्गत परंपरागत जल स्रोतों की सफाई, जीर्णोद्धार और जन जागरूकता के विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने आमजन से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी की अपील की। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री सहित भादरा विधायक संजीव बेनीवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रमोद डेलू, खेल एवं युवा मामले शासन सचिव तथा जिला प्रभारी सचिव डॉ. नीरज के पवन, पूर्व विधायक धर्मेंद्र मोची, देवेंद्र पारीक, जिला कलेक्टर काना राम, पुलिस अधीक्षक हरि शंकर, बीजेपी एससी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष  कैलाश मेघवाल, जनप्रतिनिधि अमित सहू, एडीएम उम्मेदी लाल मीना, सीईओ ओपी बिश्नोई, विकास गुप्ता, सुशील जोशी, एसडीएम  संजय अग्रवाल, सीडब्ल्यूसी चेयरमैन जितेंद्र गोयल सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।





Tags

Newsletter Signup

Sed ut perspiciatis unde omnis iste natus error sit voluptatem accusantium doloremque.