खाद्य सामग्री एवं पेय पदार्थों की जांच
खाद्य सामग्री एवं पेय पदार्थों की जांच कर रही है एमएफटीएल
आमजन से अधिकाधिक जांच करवाने की अपील
हनुमानगढ़। जिले में शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब (एमएफटीएल) द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में जाकर खाद्य एवं पेय पदार्थों की जांच की जा रही है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि एमएफटीएल वाहन संख्या आरजे-14 जीक्यू-4775 निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर मौके पर ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच कर रहा है। जांच के साथ-साथ आम नागरिकों को खाद्य सामग्री की खरीद व उपयोग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की भी जानकारी दी जा रही है।
डॉ. शर्मा के अनुसार एमएफटीएल द्वारा 4 फरवरी को हांसलिया व अयालकी, 5 फरवरी को शेरगढ़ एवं दौलतावाली, 6 फरवरी को आदर्शनगर, 22 एनडीआर एवं अराइयांवाली, 9 फरवरी को पीलीबंगा शहरी, 10 फरवरी को मालारामपुरा एवं दीनगढ़, 11 फरवरी को टिब्बी एवं तलवाड़ा झील, 12 फरवरी को भद्रकाली एवं 13 फरवरी को मटोरियावाली ढाणी एवं हरीपुरा में खाद्य एवं पेय पदार्थों की जांच की जाएगी। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने आमजन से आग्रह किया कि आमजन विशेष रूप से दूध एवं दुग्ध उत्पादों की जांच एमएफटीएल वाहन पर अवश्य कराएं, ताकि मिलावट पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सकें।

