कैम्पस प्लेसमेंट शिविर
कैम्पस प्लेसमेंट शिविर में 300 युवाओं ने लिया भाग, 124 का प्रारंभिक चयन
हनुमानगढ़। बेरोजगार युवाओं को सरकारी के साथ निजी क्षेत्र में रोजगार अवसर उपलब्ध कराने और स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से मंगलवार को हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित जिला रोजगार कार्यालय परिसर में एक दिवसीय कैम्पस प्लेसमेंट शिविर आयोजित किया गया। शिविर में लगभग 300 से अधिक अभ्यर्थियों ने भाग लेकर विभिन्न कंपनियों और संस्थानों से सीधे संवाद किया।
जिला रोजगार अधिकारी श्री विनोद गोदारा ने बताया कि शिविर में निजी और सार्वजनिक क्षेत्र के 7 संस्थानों ने भाग लिया। इनमें भारतीय जीवन बीमा निगम हनुमानगढ़, बाबादीप सिंह सिक्योरिटी सर्विस श्रीगंगानगर, एचडीएफसी बैंक हनुमानगढ़, गैलेक्सी फर्टिलाइजर केमिकल्स श्रीगंगानगर, रिलायंस स्मार्ट हनुमानगढ़, एलान्स स्किल्स एजुकेशन टेक प्रा. लि. तथा ऑरिक मोटर्स प्रा. लि. आदि संस्थानों ने स्टॉल लगाकर अभ्यर्थियों का मार्गदर्शन किया।
शिविर में निजी कंपनियों द्वारा 97 अभ्यर्थियों, प्रशिक्षण संस्थानों द्वारा 12 तथा स्वरोजगार योजनाओं के लिए 15 अभ्यर्थियों का प्रारंभिक चयन किया गया। इन 124 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन प्रशिक्षण, ऋण स्वीकृति अथवा संस्थागत प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद किया जाएगा।
श्री गोदारा ने बताया कि ऐसे शिविर युवाओं और संस्थाओं के बीच संवाद का प्रभावी मंच प्रदान करते हैं। विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार, कौशल विकास और स्वरोजगार से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि वर्ष भर इस प्रकार के और कैम्पस प्लेसमेंट शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिकाधिक युवाओं को लाभ मिल सके।
____


