खाद्य व्यापारियों को मिलेगा प्रशिक्षण
17 मार्च को हनुमानगढ़ में खाद्य व्यापारियों को मिलेगा फॉस्टेग प्रशिक्षण
प्रशिक्षण में मिठाई विक्रेता, होटल संचालक, स्ट्रीट वेंडर्स सहित सभी फूड हैंडलर्स को किया आमंत्रित
प्रतिभागियों को मिलेगा प्रमाण पत्र, फूड लाइसेंस के लिए भी कर सकेंगे रजिस्ट्रेशन
हनुमानगढ़। खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले में खाद्य व्यापारियों और फूड हैंडलर्स को फॉस्टेग (फूड सेफ्टी ट्रेनिंग एंड सर्टिफिकेशन) का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण मंगलवार को हनुमानगढ़ टाउन स्थित फूडग्रेन धर्मशाला, नजदीक पंचायत समिति में सुबह 9 बजे से 1 बजे तक एवं दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) नई दिल्ली से अधिकृत एजेंसी के प्रतिनिधियों द्वारा दिया जाएगा। प्रशिक्षण में भाग लेने वाले सभी फूड हैंडलर्स को फूड अथॉरिटी की ओर से प्रमाण पत्र भी जारी किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण में जिले के मिठाई के विक्रेता दुकानदार, अन्नपूर्णा रसोई के फूड हैंडलर्स, मिड डे मील के कुक, विभिन्न आवासीय विद्यालयों के भोजन बनाने वाले कर्मचारी, राजीविका समूह के सदस्य सहित सभी प्रकार के खाद्य व्यापारियों को आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा मिठाई और नमकीन विक्रेता, होटल-रेस्टॉरेंट संचालक, डेयरी संचालक, थोक व खुदरा किराना व्यापारी, घी-तेल व्यापारी, फल-सब्जी विक्रेता, चाय की थड़ी लगने कचोरी-पकौड़ी बनाने वाले और सभी स्ट्रीट वेंडर्स इस प्रशिक्षण में भाग लेकर लाभ उठा सकते हैं।
डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान खाद्य व्यापारियों को रीयूज्ड कुकिंग ऑयल (आरयूसीओ) के उपयोग और उससे होने वाले नुकसान के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही खाद्य व्यापारियों को सुरक्षित और स्वच्छ खाद्य सामग्री तैयार करने के नियमों के बारे में भी विस्तार से बताया जाएगा। जिन खाद्य व्यापारियों को अपना फूड लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन बनवाना है, वे प्रशिक्षण के दौरान आवश्यक दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड, बिजली बिल और स्वयं कर फोटो साथ लेकर आएं। सभी फूड हैंडलर्स को प्रशिक्षण में भाग लेने के लिए आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा।
.jpg)