महाराजा मानसिंह मारवाड़ रतन सम्मान
हनुमानगढ़ के डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी को मिलेगा मारवाड़ रतन सम्मान
हनुमानगढ़। रावतसर के धन्नासर निवासी वरिष्ठ साहित्यकार एवं वर्तमान में मुख्यमंत्री के सचिव तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के शासन सचिव डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी को वर्ष 2026 का प्रतिष्ठित ‘महाराजा मानसिंह मारवाड़ रतन सम्मान’ प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान उन्हें शिक्षा एवं राजस्थानी साहित्य लेखन के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय और दीर्घकालीन योगदान के लिए दिया जा रहा है। महरानगढ़ म्यूजियम ट्रस्ट जोधपुर के सहायक निदेशक डॉ. महेंद्र सिंह तंवर ने शुक्रवार को पुरस्कार की घोषणा की।
डॉ. सोनी ने राजस्थानी और हिंदी साहित्य में अपनी अलग पहचान बनाई है। उनकी अब तक करीब 15 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। हाल ही में उनके राजस्थानी कहानी संग्रह ‘भरखमा’ को वर्ष 2025 का साहित्य अकादमी पुरस्कार भी मिल चुका है, जिससे उनकी साहित्यिक प्रतिष्ठा और मजबूत हुई है। उनकी रचनाओं पर फिल्म निर्माण भी हो चुका है, जो उनकी लोकप्रियता को दर्शाता है।
डॉ. सोनी को यह सम्मान मिलने की घोषणा के बाद जिले सहित साहित्य जगत में खुशी का माहौल है। क्षेत्र के साहित्यकारों और भाषा प्रेमियों ने इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए उन्हें बधाई दी है।
