वन्दे गंगा’ जल संरक्षण जन अभियान
टिब्बी में 25 मई से 5 जून तक चलेगा ‘वन्दे गंगा’ जल संरक्षण जन अभियान
उपखंड अधिकारी ने जारी किए विस्तृत आदेश, विभिन्न विभागों को सौंपी जिम्मेदारियां
टिब्बी। राज्य सरकार के निर्देशानुसार उपखंड क्षेत्र टिब्बी में 25 मई से 5 जून 2026 तक “वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026” का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में उपखंड अधिकारी एवं उपखंड जनगणना अधिकारी टिब्बी श्री सत्यनारायण सुथार द्वारा विस्तृत आदेश जारी कर विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। अभियान के तहत जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं जनजागरूकता से जुड़ी अनेक गतिविधियां आयोजित होंगी।
जारी आदेशों के अनुसार अभियान की शुरुआत 25 मई को गंगा दशहरा के अवसर पर होगी। इस दौरान जल स्रोतों की सफाई, पौधारोपण, नदियों एवं तालाबों की सफाई, जल संरक्षण शपथ, रैलियां, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं, जल चौपाल, जागरूकता अभियान, बर्ड फीडिंग प्वाइंट निर्माण, देसी पौधों का वितरण तथा जल बचाओ संदेश से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के दौरान पंचायत राज, जल संसाधन, कृषि, वन, शिक्षा, सार्वजनिक निर्माण, स्वास्थ्य, सूचना एवं जनसंपर्क, नगर पालिका, ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों को अलग-अलग तिथियों पर गतिविधियां संचालित करने की जिम्मेदारी दी गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में नरेगा एवं वनीकरण कार्यों का निरीक्षण, जलाशयों का गहरीकरण, वर्षा जल संचयन, रूफ टॉप वाटर हार्वेस्टिंग (RTWHS) के प्रति जागरूकता तथा जल संरक्षण संरचनाओं के रखरखाव पर विशेष जोर रहेगा।
विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून को विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण रैली, जल स्रोतों की सफाई, जल संरक्षण कार्यों का निरीक्षण तथा आमजन को जल बचत के प्रति जागरूक किया जाएगा।
उपखंड अधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि अभियान की गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा प्रत्येक कार्यक्रम की फोटो एवं रिपोर्ट निर्धारित पोर्टल पर अपलोड की जाए। अभियान में जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शिक्षण संस्थानों, महिला समूहों एवं आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
