व्याख्याता भर्ती परीक्षा
व्याख्याता भर्ती परीक्षा कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू, देरी से पहुंचे अभ्यर्थियों ने जताया रोष
हनुमानगढ़। जिले में व्याख्याता भर्ती परीक्षा रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई। परीक्षा को लेकर प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए थे। जिले के 43 परीक्षा केंद्रों पर कुल 45,408 अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए आवंटित किया गया।
परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व एक परीक्षा केंद्र पर उस समय हंगामे की स्थिति बन गई जब कुछ छात्र-छात्राएं निर्धारित समय के बाद केंद्र पर पहुंचे और उन्हें प्रवेश नहीं दिया गया। प्रवेश से वंचित अभ्यर्थियों ने नाराजगी जताते हुए अपनी पीड़ा व्यक्त की। एक छात्रा रोते हुए बोली कि उसने परीक्षा के लिए लंबे समय से कड़ी मेहनत की थी, लेकिन आरपीएससी के नियमों के कारण उसे परीक्षा में बैठने का अवसर नहीं मिल सका।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जा सकता। परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए नियमों का सख्ती से पालन किया गया।
परीक्षा के दौरान पेपर लीक एवं नकल जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए प्रत्येक केंद्र पर पुलिस जाब्ता तैनात किया गया। करीब 1600 वीक्षकों ने परीक्षा संचालन की जिम्मेदारी संभाली। वहीं नकल रोकने एवं परीक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए 8 विशेष टीमों का गठन किया गया।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, सघन निगरानी और प्रशासनिक सतर्कता के बीच अधिकांश अभ्यर्थियों ने शांतिपूर्वक परीक्षा में भाग लिया। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से भविष्य में परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए समय से पहले केंद्र पर पहुंचने की अपील की।
.jpg)