योगाभ्यास कार्यक्रम
एसकेडी यूनिवर्सिटी के योग विभाग की टीम ने कराया जिला स्तरीय योगाभ्यास,
4000 से अधिक लोगों ने लिया भाग
हनुमानगढ़। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को जिलेभर में योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित राजीव गांधी स्टेडियम में जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम "स्वस्थ आयु के लिए योग" रही। कार्यक्रम में शहर एवं आसपास के क्षेत्रों से 4000 से अधिक लोगों ने भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान धरोहर संरक्षण एवं प्रोन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत थे। कार्यक्रम का शुभारंभ महर्षि पतंजलि के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग दिवस संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया।
सामूहिक योगाभ्यास का संचालन एसकेडी यूनिवर्सिटी के योग विभाग से अरविंद सिंह एवं डॉ. प्रियंका जोशी के नेतृत्व में किया गया। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में उपस्थित लोगों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की क्रियाओं का अभ्यास किया।
योगाभ्यास के पश्चात ओंकार सिंह लखावत ने सभी को नियमित योग अपनाने तथा स्वस्थ जीवनशैली बनाए रखने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन परंपरा और विश्व को दिया गया अनमोल उपहार है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ बनाता है।
कार्यक्रम में पूजा कुमारी, नीतू तथा एसकेडी यूनिवर्सिटी के योग विभाग के विद्यार्थियों द्वारा योगिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ. तीर्थ कुमार शर्मा, डॉ. महावीर प्रसाद एवं डॉ. कुलदीप ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।
मंच संचालन पतंजलि योग समिति के पूर्व जिला संयोजक विजय कौशिक ने किया। श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है तथा नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति स्वस्थ एवं तनावमुक्त जीवन जी सकता है। उन्होंने युवाओं से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को अंकुरित अनाज एवं छाछ का अल्पाहार वितरित किया गया। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओ.पी. बिश्नोई ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम में जिला प्रभारी सचिव डॉ. जोगाराम, जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव, पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा, हनुमानगढ़ विधायक गणेशराज बंसल, जनप्रतिनिधि प्रमोद डेलू, अमित साहू, एसडीएम मांगीलाल सुथार, भाजपा जिला प्रवक्ता आशीष पारीक, भाजपा अनुसूचित जाति एवं जनजाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष प्रदीप का करवा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
