ग्रामीण शहरी शिविरों का जिला स्तरीय अधिकारियों ने किया निरीक्षण
शहरी और ग्रामीण सेवा शिविर का एडीएम और जिला परिषद सीईओ ने किया निरीक्षण
आमजन को अधिकाधिक लाभ पहुंचाने तथा समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश
हनुमानगढ़। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में 12 जून से 15 जुलाई 2026 तक आयोजित किए जा रहे ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों के तहत गुरुवार को रावतसर नगरपालिका भवन में आयोजित शहरी सेवा शिविर का अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री रामरतन सौंकरिया ने निरीक्षण किया। वहीं संगरिया क्षेत्र की ग्राम पंचायत शाहपीनी में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का जिला परिषद सीईओ श्री ओपी बिश्नोई एवं पूर्व विधायक श्री गुरदीप शाहपीनी ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री रामरतन सौंकरिया ने शहरी सेवा शिविर में प्रत्येक विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण कर प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने शिविर में उपस्थित आमजन से संवाद कर विभागीय सेवाओं एवं सुविधाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया तथा अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान पात्र लाभार्थियों को दस्तावेजों का वितरण भी किया।
ग्राम पंचायत शाहपीनी में जिला परिषद सीईओ श्री ओपी बिश्नोई ने विभागवार प्रभारी अधिकारियों से आमजन को प्रदान किए जा रहे लाभों की जानकारी ली। उन्होंने जलदाय विभाग को किसानों की मांग के अनुरूप नक्के स्वीकृत करने, चिकित्सा विभाग को जांच, स्क्रीनिंग एवं निःशुल्क दवा वितरण बढ़ाने तथा शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को उपभोक्ताओं की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
सीईओ ने ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग को पट्टा विहीन परिवारों को पट्टे जारी करने, राजस्व विभाग को नामांतरण, रिकॉर्ड शुद्धिकरण एवं खाता विभाजन के प्रकरणों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। शिविर के दौरान पात्र परिवारों को पट्टों का वितरण किया गया तथा खाता विभाजन से संबंधित दस्तावेज मौके पर ही सुपुर्द किए गए।
योजनाओं के लाभ से जोड़ने पर जोर
अधिकारियों ने वित्तीय समावेशन, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की लंबित किश्तों के भुगतान तथा वीबी-जी रामजी योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगरीय निकाय अधिकारी, पंचायत समिति स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी, प्रशासक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

