आम चुनाव-2026 की तैयारियों की समीक्षा
नगरीय निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 की तैयारियों की समीक्षा
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. खुशाल यादव ने कानून व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
हनुमानगढ़। आगामी नगरीय निकायों एवं पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 की तैयारियों एवं कानून-व्यवस्था को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. खुशाल यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों के चिन्हीकरण, सीमावर्ती क्षेत्रों में चेक पोस्ट स्थापित करने तथा गुंडा एक्ट एवं राजभाषा में दर्ज मुकदमों की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में सभी रिटर्निंग अधिकारियों को मतदाता सूचियों के शुद्धिकरण, दावे-आपत्तियों के निस्तारण, मतदाता सूचियों के निरंतर अद्यतन, मतदाता सूचियों के भौतिक सत्यापन एवं सत्यापन के दौरान सामने आने वाली कमियों के निराकरण के निर्देश दिए गए। साथ ही मतदान केंद्रों की संख्या के आधार पर सेक्टरों का निर्धारण करने तथा रिटर्निंग अधिकारी स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित करने के लिए भी निर्देशित किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने आदर्श आचार संहिता की पालना, पुलिस अधिकारियों के साथ कानून एवं व्यवस्था को लेकर समन्वय बैठक आयोजित करने तथा निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इसके अलावा ईवीएम की तैयारी, मतगणना के लिए भवनों के चिन्हीकरण तथा निर्वाचन से संबंधित अन्य तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्वाचन संबंधी सभी कार्य समयबद्ध, समन्वित एवं त्रुटिरहित तरीके से पूरे किए जाएं तथा राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित की जाए।बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री बी. आदित्य, एडीएम श्री उम्मेदीलाल मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविन्द, एसडीएम श्री राहुल श्रीवास्तव, एसडीएम श्रीमती उमा मित्तल, श्री जय कौशिक, श्री भागीरथ राम, श्री सत्यनारायण एवं श्री विनोद कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

