खाद्य सुरक्षा योजना
23,957 नए परिवार खाद्य सुरक्षा से जुड़े, गिव अप अभियान में हनुमानगढ़ प्रदेश में अग्रणी
हनुमानगढ़। राज्य सरकार द्वारा पात्र परिवारों को खाद्य सुरक्षा का लाभ उपलब्ध कराने और अपात्र परिवारों को योजना से अलग करने के लिए प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 26 जनवरी, 2025 से खाद्य सुरक्षा पोर्टल प्रारंभ होने के बाद से अब तक हनुमानगढ़ जिले में 23,957 नए पात्र परिवारों के आवेदन स्वीकृत कर उन्हें खाद्य सुरक्षा योजना से जोड़ा गया है
वहीं 1 नवंबर 2024 से संचालित 'गिव अप अभियान' के तहत अब तक जिले में 1,78,471 सदस्यों (यूनिट) को खाद्य सुरक्षा योजना से हटाया गया है। इस अभियान की प्रगति में हनुमानगढ़ जिला पूरे राजस्थान में अग्रणी है। वर्तमान में जिले में गिव अप अभियान की प्रगति 18.93 प्रतिशत दर्ज की गई है।
अब खाद्य सुरक्षा का लाभ मिल रहा
रावतसर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत धन्नासर निवासी रानी देवी ने बताया कि उनका परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है। पहले उनका राशन कार्ड खाद्य सुरक्षा योजना में शामिल नहीं था, जिससे उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल पाता था। वर्ष 2026 में उनका परिवार खाद्य सुरक्षा योजना में चयनित हो गया, जिससे अब उन्हें नियमित रूप से खाद्यान्न का लाभ मिल रहा है। रानी देवी ने कहा कि इससे उनके परिवार को बड़ी राहत मिली है और उन्होंने इस सुविधा के लिए राजस्थान सरकार का आभार व्यक्त किया।
