जल भराव की समस्या समाधान की माँग पर किसानो का हल्ला बोल
दो साल से जलभराव झेल रहे किसानों का टोल प्लाजा पर हल्लाबोल
सिंचाई विभाग ने 5 अक्टूबर तक डबली खुर्द 6 DBL व लूणा वाली ढाणी के दोनों पंप हाउस चालू करने का लिखित दिया आश्वासन, तो माने किसान
टिब्बी। डबली खुर्द 6 DBL एवं लूणा वाली ढाणी में पिछले करीब दो वर्षों से जमा बरसाती पानी की निकासी और पंप हाउस तत्काल शुरू करवाने की मांग को लेकर मंगलवार को अखिल भारतीय किसान सभा के बैनर तले किसानों, मजदूरों एवं ग्रामीणों ने लूणा वाली ढाणी टोल प्लाजा पर धरना देकर जोरदार सांकेतिक प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने प्रशासन एवं सिंचाई विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोनों पंप हाउस शुरू करवाने तथा डबली कलां पुराना गांव में संचालित पंप हाउस को 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति देने की मांग की।
किसान सभा तहसील अध्यक्ष मनीष बुरड़क ने बताया कि वर्ष 2024 एवं 2025 की अतिवृष्टि के बाद से क्षेत्र के खेतों में बरसाती पानी जमा है। लगातार जलभराव के कारण किसानों के खेतों का जलस्तर अत्यधिक बढ़ गया है, जिसके चलते वे पिछले दो वर्षों से गेहूं की बिजाई नहीं कर पाए हैं। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
किसानों के संघर्ष एवं लगातार पत्राचार के बाद डबली कलां पुराना गांव, डबली खुर्द 6 DBL एवं लूणा वाली ढाणी में पानी निकासी पंप हाउस स्थापित किए गए, लेकिन डबली खुर्द 6 DBL एवं लूणा वाली ढाणी के पंप हाउस अभी तक सुचारू रूप से शुरू नहीं हो पाए हैं। किसानों ने चेतावनी दी कि समय पर पानी की निकासी नहीं हुई तो आगामी गेहूं की बिजाई भी प्रभावित होगी और किसानों को लगातार तीसरे वर्ष नुकसान उठाना पड़ेगा।
दो घंटे की वार्ता के बाद लिखित समझौता
धरने की सूचना मिलने पर सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता विनोद मौके पर पहुंचे। किसानों एवं विभागीय अधिकारी के बीच करीब दो घंटे तक वार्ता हुई। किसानों ने पंप हाउस शुरू करने में हो रही देरी को लेकर विभाग के समक्ष अपनी मांगें रखीं।
वार्ता के दौरान सिंचाई विभाग के एसी से दूरभाष पर हुई बातचीत के बाद सहायक अभियंता विनोद ने किसानों एवं ग्रामीणों को लिखित आश्वासन दिया कि 5 अक्टूबर तक डबली खुर्द 6 DBL एवं लूणा वाली ढाणी के दोनों पंप हाउस सुचारू रूप से चालू कर पानी निकासी का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
लिखित आश्वासन के बाद आंदोलन स्थगित
तलवाड़ा थाना के ASI लालचंद सिहाग की मध्यस्थता एवं मौजूदगी में लिखित समझौता संपन्न हुआ। विभाग की ओर से लिखित आश्वासन मिलने के बाद किसानों एवं ग्रामीणों ने फिलहाल अपना आंदोलन स्थगित कर दिया।
किसान नेता मनीष बुरड़क ने कहा कि किसानों ने प्रशासन एवं सिंचाई विभाग को पर्याप्त समय दिया है। दो वर्षों से खेतों में पानी जमा होने के कारण किसान गेहूं की बिजाई नहीं कर पा रहे हैं। विभाग के लिखित आश्वासन पर भरोसा करते हुए आंदोलन स्थगित किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 5 अक्टूबर तक दोनों पंप हाउस चालू कर पानी निकासी शुरू नहीं की गई तो किसान पुनः आंदोलन करेंगे और इस बार आंदोलन को व्यापक एवं निर्णायक रूप दिया जाएगा।
उन्होंने डबली कलां पुराना गांव के पंप हाउस को भी 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति देने की मांग की, ताकि खेतों से जल्द पानी निकाला जा सके और किसान आगामी गेहूं की बिजाई कर सकें। अखिल भारतीय किसान सभा ने प्रशासन एवं सिंचाई विभाग से लिखित आश्वासन को समयबद्ध रूप से लागू कर किसानों की वर्षों पुरानी जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।

