सरकारी स्कूलों के भवन निर्माण के लिए जारी की स्वीकृति
राज्य सरकार ने सरकारी स्कूलो में भवन निर्माण के लिए जारी की ₹401.03 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति
हनुमानगढ़ जिले के पीलीबंगा ब्लॉक के तीन व नोहर ब्लॉक के दो स्कूल के पुनर्निर्माण के लिए 4.66 करोड़ रुपए की मिली स्वीकृति
जयपुर। राजस्थान सरकार ने प्रदेश के राजकीय विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 472 स्कूल भवनों के निर्माण एवं पुनर्निर्माण के लिए कुल ₹401.03 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की है।
राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद की ओर से जारी स्वीकृति के अनुसार नाबार्ड आरआईडीएफ-XXXII के तहत प्रदेश के 261 प्राथमिक विद्यालयों के लिए प्रति विद्यालय ₹41 लाख, 128 उच्च प्राथमिक विद्यालयों के लिए प्रति विद्यालय ₹65 लाख तथा 83 वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के लिए प्रति विद्यालय ₹254 लाख की राशि स्वीकृत की गई है।
स्वीकृत राशि से विद्यालय भवन निर्माण एवं पुनर्निर्माण के साथ-साथ फर्नीचर एवं उपकरण, प्रयोगशाला उपकरण, स्मार्ट कक्षा कक्ष तथा बिजली-पानी जैसी आवश्यक सुविधाओं से संबंधित कार्य किए जाएंगे।
राज्य सरकार द्वारा जर्जर भवन वाले सरकारी स्कूलों के भवन निर्माण एवं पुनर्निर्माण के लिए राशि स्वीकृत कर बड़ी सौगात दी है। हनुमानगढ़ जिले के पीलीबंगा ब्लॉक के तीन स्कूल व नोहर ब्लॉक के 2 स्कूल के जर्जर भवन के पुनर्निर्माण के लिए 4.66 करोड़ स्वीकृत किए है।
प्रशासनिक स्वीकृति वित्त (मार्ग एवं साधन) विभाग की 14 सितंबर 2026 की स्वीकृति के आधार पर जारी की गई है। स्वीकृति में कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुसार गुणवत्तापूर्वक पूरा करने तथा स्वीकृत राशि से अधिक व्यय नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्य परियोजना निदेशक समग्र शिक्षा एवं आयुक्त स्कूल शिक्षा डॉ. रश्मि शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को स्वीकृत कार्यों के नियमानुसार क्रियान्वयन के निर्देश दिए हैं।

