विकसित भारत–जन सेवा अभियान
विकसित भारत–जन सेवा अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं आशा सहयोगिनियों का किया सम्मान
हनुमानगढ़। जनसेवा एवं सुशासन की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से संचालित 'विकसित भारत–जन सेवा अभियान' के तहत आमजन की भागीदारी बढ़ाने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को अभियान के तहत जिले के प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर 'आंगन मिलन सेवा' कार्यक्रम आयोजित किया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक श्री प्रवेश सिंह सोलंकी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास से जुड़ी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और आशा सहयोगिनियों का अभिनंदन एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम में प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर कार्यरत कार्यकर्ता, सहायिका और आशा सहयोगिनी का स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं उपस्थित अधिकारियों द्वारा सम्मान किया गया। सम्मान के अवसर पर प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए संदेश पत्र का वाचन किया गया। इसके पश्चात आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं आशा सहयोगिनी को पुष्पगुच्छ एवं पौधा प्रदान किया गया।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पंचायती राज विभाग, शिक्षा विभाग एवं चिकित्सा विभाग के साथ आवश्यक समन्वय स्थापित कर जनप्रतिनिधियों, अतिथियों, गणमान्य व्यक्तियों एवं लाभार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित की गई। उन्होंने बताया कि 'आंगन मिलन सेवा' कार्यक्रम का आयोजन 27 सितंबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों पर किया जाएगा। कार्यक्रम के लिए ब्लॉक स्तर पर प्रत्येक बाल विकास परियोजना अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर दी जाने वाली चिकित्सा सुविधाओं के बारे में आमजन और लाभार्थियों को विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि बच्चे के जन्म से लेकर पहले 1000 दिन उसके शारीरिक और मानसिक विकास के लिए सबसे महत्वपूर्ण होते हैं। उन्होंने बालिकाओं एवं उनके अभिभावकों से एचपीवी वैक्सीनेशन करवाने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
जिला संयोजक श्रीमती किरण मेघवाल ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सेवाओं की प्रशंसा करते हुए उनकी तुलना माता यशोदा से की। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नन्हे बालक-बालिकाओं की सेवा उसी प्रकार करती हैं, जिस प्रकार माता यशोदा ने भगवान श्रीकृष्ण की सेवा की।
उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं आशा सहयोगिनी ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पोषण एवं स्वास्थ्य के लिए सरकार और आमजन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हुए गर्भवती महिलाओं, नवजात एवं बच्चों की देखभाल, टीकाकरण, परिवार कल्याण, पोषण, स्वास्थ्य जागरूकता सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं को समुदाय तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
इस दौरान ग्राम ढालिया और सतीपुरा के आंगनबाड़ी केंद्रों पर मुख्य जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा एवं महिला एवं बाल विकास विभाग उपनिदेशक श्री प्रवेश सिंह सोलंकी, आंगन मिलन सेवा जिला संयोजक श्रीमती किरण मेघवाल तथा महिला पर्यवेक्षक श्रीमती गुलजारा बानो उपस्थित रहे।



