टिब्बी में दिव्यांग एवं वृद्धजन सहायता एवं जागरूकता शिविर
वृद्धजन सम्मान के साथ दिव्यांगों को मिले सहायक उपकरण व स्मार्ट कार्ड
टिब्बी में अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस एवं रोडवेज के 63वें स्थापना दिवस पर आयोजित हुआ शिविर
टिब्बी। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस एवं राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के 63वें स्थापना दिवस के अवसर पर वृद्धजन सम्मान, दिव्यांग सहायक उपकरण एवं रोडवेज रियायती यात्रा स्मार्ट कार्ड वितरण तथा दिव्यांग चिन्हिकरण जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता नगरपालिका अधिशाषी अधिकारी सुनील कुमार सैनी ने की।
दिव्यांग एवं जनकल्याण सेवा समिति के अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता हरबंस लाल सहारण ने अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बुजुर्गों की सेवा एवं सम्मान करना मानव का धर्म है। उन्होंने कहा कि मानव सेवा से बड़ी कोई सेवा नहीं है और ‘नरसेवा नारायण सेवा’ की भावना से समिति द्वारा जरूरतमंद की सेवा व सहायता करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
शिविर में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग टिब्बी के सहयोग से चलने-फिरने में असमर्थ दिव्यांग मंगासिंह को ट्राई साइकिल प्रदान की गई। सहायक उपकरण मिलने पर उनके चेहरे पर खुशी दिखाई दी। वहीं राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम हनुमानगढ़ के सहयोग से वृद्धजन, वरिष्ठ नागरिक सहित विभिन्न श्रेणियों के 48 लाभार्थियों को रोडवेज रियायती यात्रा स्मार्ट कार्ड मौके पर वितरित किए गए।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग हनुमानगढ़ के सहयोग से विभिन्न श्रेणियों के 8 दिव्यांगों को यूडीआईडी कार्ड का लाभ प्रदान किया गया। वही दिव्यांग मेडिकल प्रमाण-पत्र से वंचित दिव्यांगों को चिन्हित किया गया, जिन्हें आगामी दिनों में जिला चिकित्सालय की मेडिकल टीम की मौजूदगी में आवश्यक जांच के बाद प्रमाण-पत्र उपलब्ध करवाया जाएगा। रोडवेज रियायती यात्रा स्मार्ट कार्ड से वंचित पात्र लोगों की सहायता के लिए मौके पर ही आवश्यक कागजी कार्यवाही पूरी करते हुए 40 नए आवेदन प्राप्त किए गए, जिन्हें स्मार्ट कार्ड का लाभ दिलाया जाएगा।
इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष देवीलाल महेरड़ा, अधिशाषी अधिकारी सुनील कुमार सैनी, पंचायत समिति अतिरिक्त विकास अधिकारी जसवीर सिंह, सहायक अभियंता गोपीकृष्ण दाधीच सहित अतिथियों ने वृद्धजनों का माल्यार्पण कर सम्मान किया तथा दिव्यांग को सहायक उपकरण प्रदान किया। अतिथियों ने युवाओं से अपने माता-पिता एवं बुजुर्गों की सेवा करने और उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए भी प्रेरित किया।
समिति अध्यक्ष हरबंस लाल सहारण एवं उनकी टीम द्वारा बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों की सहायता के लिए किए जा रहे निःस्वार्थ सेवा कार्यों की अतिथियों ने सराहना की। समिति द्वारा जिला चिकित्सालय हनुमानगढ़ टाउन की मेडिकल टीम के सहयोग से 15 दिव्यांगों को दिव्यांग मेडिकल प्रमाण-पत्र का लाभ भी दिलाया गया। शिविर को लेकर वृद्धजनों, दिव्यांगजनों एवं स्थानीय नागरिकों में उत्साह रहा और आमजन ने आयोजन की सराहना की।
इस अवसर पर पार्षद सुशील गोदारा, प्रभुराम, हरदीप सिंह, संजय, सहित राजेंद्र, गोरीशंकर, मनीष अरोड़ा, ताल्लुका विधिक सेवा समिति टिब्बी के अधिकार मित्र जगदीश डूडी, नगरपालिका वरिष्ठ सहायक हरबंस कुमार, सुमित्रा, कर्मचारी रामकुमार, गोवर्धन सहित नगरपालिका स्टाफ, वृद्धजन, वरिष्ठ नागरिक एवं दिव्यांगजन उपस्थित रहे।



