विजयादशमी पर 'नशे के रावण’ का दहन कर नशामुक्ति का दिया संदेश
3 एसएसडब्ल्यू में विजयादशमी पर बच्चों ने किया ‘नशे के रावण’ का दहन,
युवाओं को दिया नशामुक्ति का संदेश
टिब्बी। जिला माय भारत के दिशा-निर्देशानुसार टिब्बी ब्लॉक की ग्राम पंचायत 4 केएसपी के गांव 3 एसएसडब्ल्यू में विजयादशमी के अवसर पर छोटे बाल कलाकारों ने नशे के रावण का पुतला बनाकर उसका दहन किया। इस पहल के माध्यम से समाज में नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने और युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।
बच्चों ने स्वयं नशे के रावण का पुतला तैयार किया और विजयादशमी के पर्व पर बुराई के प्रतीक के रूप में उसका दहन किया। इस दौरान युवाओं को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस सराहनीय पहल में देव, डूंगर, कुलदीप, शिवचरण और मोहित सहित छोटे बाल कलाकारों की भूमिका रही। बच्चों की इस पहल ने यह संदेश दिया कि जिस प्रकार विजयादशमी पर रावण का दहन कर बुराई पर अच्छाई की जीत का उत्सव मनाया जाता है, उसी प्रकार समाज को नशे जैसी बुराई को समाप्त करने के लिए भी सामूहिक प्रयास करने चाहिए।
संदेश: आइए, इस विजयादशमी पर संकल्प लें—नशे का त्याग करें, युवाओं का भविष्य सुरक्षित करें और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनें।
