वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना
वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना: हनुमानगढ़ से 474 यात्री रामेश्वरम-मदुरई रवाना
सूरतगढ़ से श्रीगंगानगर के 501 यात्री भी हुए शामिल, पूरी ट्रेन वातानुकूलित; यात्रियों के साथ डॉक्टर और नर्सिंग अधिकारी भी रवाना
हनुमानगढ़। राजस्थान सरकार के देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत शुक्रवार को हनुमानगढ़ रेलवे स्टेशन से रामेश्वरम-मदुरई के लिए विशेष तीर्थयात्री रेलगाड़ी रवाना हुई। दोपहर 2:20 बजे रवाना हुई इस ट्रेन में हनुमानगढ़ जिले के 474 वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा पर गए। ट्रेन सूरतगढ़ के रास्ते रामेश्वरम-मदुरई पहुंचेगी। सूरतगढ़ रेलवे स्टेशन से श्रीगंगानगर जिले के 501 यात्री भी इस यात्रा में शामिल हुए।
सहायक आयुक्त श्री गौरव सोनी ने बताया कि हनुमानगढ़ रेलवे स्टेशन पर विशेष रेलगाड़ी को देवस्थान विभाग के अधिकारियों एवं कार्मिकों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। राज्य सरकार की ओर से पूरी ट्रेन वातानुकूलित उपलब्ध करवाई गई है, ताकि वरिष्ठ नागरिकों को यात्रा के दौरान सुविधा मिल सके। यात्रियों की देखरेख के लिए एक ट्रेन प्रभारी और प्रत्येक कोच में दो सरकारी कर्मचारियों को अनुदेशक के रूप में नियुक्त किया गया है। स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं के लिए एक डॉक्टर एवं दो नर्सिंग अधिकारी भी ट्रेन के साथ रवाना हुए हैं, जो यात्रा के दौरान यात्रियों के स्वास्थ्य का ध्यान रखेंगे।
यात्रियों की सुविधा के लिए हनुमानगढ़ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर टिकट वितरण सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। इसी प्रकार श्रीगंगानगर जिले के यात्रियों को सूरतगढ़ रेलवे स्टेशन पर टिकट जारी किए गए। स्टेशनों पर शामियाना, कुर्सी, मेज एवं पंखों की व्यवस्था की गई। यात्रियों को शीतल पेयजल, सुबह की चाय-नाश्ता तथा दोपहर का भोजन भी उपलब्ध करवाया गया।
तीर्थयात्रा पर रवाना होने से पहले देवस्थान विभाग की ओर से यात्रियों को यात्रा के दौरान आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। व्यवस्थाओं के तहत टिकट वितरण, यात्रियों की सुविधा तथा यात्रा संबंधी आवश्यक तैयारियों का प्रबंधन किया गया, ताकि वरिष्ठ नागरिकों को यात्रा में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
हनुमानगढ़ रेलवे स्टेशन पर ट्रेन को हरी झंडी दिखाने वालों में देवस्थान विभाग के सहायक लेखाधिकारी श्री अजय धूडिया, श्री रितेश श्रीमाली, श्री लाल चंद छिंपा, श्री खुशाल भारद्वाज, सुश्री आरती एवं श्री पुरुषोत्तम शामिल रहे। सूरतगढ़ स्टेशन पर श्रीगंगानगर के यात्रियों को देवस्थान विभाग हनुमानगढ़ के निरीक्षक श्री सलीम तथा देवस्थान विभाग बीकानेर के श्री महेश कुमार शर्मा, श्री गोपाल आचार्य एवं श्री संदीप ने रवाना किया। इस दौरान देवस्थान विभाग हनुमानगढ़ एवं बीकानेर के अन्य कार्मिकों ने भी व्यवस्थाएं संभालीं।
सरकार ने बुढ़ापे में साकार किया सपना
ट्रेन में यात्रा कर रहे नोहर निवासी श्री सुभाष चंद्र भाटिया और श्रीमती प्रेमलता भाटिया ने विभाग की तैयारियों की सराहना की। उन्होंने राजस्थान सरकार का आभार जताया कि उनके सपने को बुढ़ापे में सरकार ने पूरा किया।
