पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026
डाक मतपत्र से मतदान के लिए दो स्थानों पर स्थापित होंगे फैसिलिटेशन सेंटर, चार सदस्यीय टीम गठित
12 नवंबर को रिजर्व पुलिस लाइन हनुमानगढ़ तथा 13 नवंबर को पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय में होगा मतदान, निर्वाचन ड्यूटी में नियुक्त कार्मिकों को मिलेगी सुविधा
टिब्बी। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत निर्वाचन ड्यूटी में नियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी टिब्बी बाबूलाल रेगर ने आवश्यक व्यवस्थाओं के निर्देश जारी किए हैं।
जारी आदेशानुसार 12 नवंबर को रिजर्व पुलिस लाइन हनुमानगढ़ तथा 13 नवंबर को प्रातः 8 बजे से पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय हनुमानगढ़ परिसर में मतदान के अंतिम प्रशिक्षण एवं रवानगी के दौरान डाक मतपत्र से मतदान के लिए फैसिलिटेशन सेंटर स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों पर निर्वाचन ड्यूटी में नियुक्त कार्मिक अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे।
व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन के लिए चार सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। इसमें श्री रोहिताश चुघ, एसीबीईओ टिब्बी को फैसिलिटेशन केंद्र प्रभारी, श्री हंसराज मारवाल को डाक मतपत्र प्राप्ति एवं संधारण, श्री जयप्रकाश को मतदाता पहचान एवं पात्रता सत्यापन तथा श्री आशुतोष को मतदान रजिस्टर एवं आवश्यक अभिलेखों के संधारण का दायित्व सौंपा गया है।
गठित टीम को डाक मतपत्र मतदान के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्व सुनिश्चित करने, जिला निर्वाचन अधिकारी से प्राप्त डाक मतपत्रों का नियमानुसार संधारण एवं उपयोग, जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन के लिए अलग-अलग मतपेटियों की व्यवस्था तथा मतदान करने वाले कार्मिकों की पहचान एवं पात्रता का सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाने, आवश्यक रजिस्टर एवं अभिलेखों का संधारण करने तथा मतदान के पश्चात डाक मतपत्रों एवं संबंधित अभिलेखों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी भी टीम को सौंपी गई है।
रिटर्निंग अधिकारी बाबूलाल रेगर ने प्रभारी अधिकारी एवं गठित टीम को तत्काल प्रभाव से अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने तथा संपूर्ण प्रक्रिया राज्य निर्वाचन आयोग एवं जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न करवाने के निर्देश दिए हैं।
