टिब्बी पंचायत समिति के ब्लॉक 21 में भाजपा की करमजीत कौर निर्विरोध निर्वाचित घोषित
पंचायतीराज आम चुनाव, टिब्बी पंचायत समिति के ब्लॉक 21 में भाजपा की करमजीत कौर निर्विरोध निर्वाचित
कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन निरस्त तथा निर्दलीय प्रत्याशी के नाम वापसी से भाजपा को मिली सफलता
नामांकन वापसी के बाद 62 प्रत्याशी चुनाव मैदान में, 14 नवंबर को होगा मतदान
टिब्बी। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत टिब्बी पंचायत समिति क्षेत्र में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। पंचायत समिति सदस्य पद के चुनाव में ब्लॉक 21 में कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन निरस्त होने तथा एक अन्य निर्दलीय प्रत्याशी की नाम वापसी के बाद भाजपा प्रत्याशी करमजीत कौर को निर्विरोध निर्वाचित घोषित करने भाजपा को पहली सफलता मिली। शुक्रवार को रिटर्निंग अधिकारी बाबूलाल रेगर ने भाजपा मंडल अध्यक्ष इंद्रसेन चाहर की मौजूदगी में करमजीत कौर को निर्विरोध निर्वाचन का प्रमाण पत्र सौंपा।
ब्लॉक 21 से कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन सूची में क्रम संख्या गलत दर्ज होने के कारण निरस्त हो गया था, जबकि चुनाव मैदान में मौजूद एक अन्य निर्दलीय प्रत्याशी ने भी अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके चलते करमजीत कौर निर्विरोध निर्वाचित घोषित हुईं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए नवनिर्वाचित सदस्य का स्वागत किया।
अब 62 प्रत्याशी चुनाव मैदान में, 14 नवंबर को होगा मतदान
पंचायत समिति सदस्य चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के तहत गुरुवार को संवीक्षा के बाद 76 नामांकन वैध पाए गए थे। शुक्रवार को नामांकन वापसी के अंतिम दिन 14 प्रत्याशियों ने अपने नाम वापस ले लिए। इसके बाद अब पंचायत समिति सदस्य के शेष वार्डों में 62 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं।

