रबी की फसल कटाई के बाद मंजूरशुदा रास्तों से अतिक्रमण हटाएगा प्रशासन
राजस्व रास्तों को खुलवाने के लिए अप्रैल-मई में चलेगा अभियान
राजस्व अधिकारियों की बैठक में जिला कलेक्टर ने दिए निर्देश
हनुमानगढ़। राजस्व कार्य में प्रगति को लेकर राजस्व अधिकारियों के साथ बुधवार को जिला कलेक्टर काना राम ने समीक्षा बैठक की। खातेदारी, गिरदावरी, राजस्व न्यायलयों में लंबित प्रकरणों सहित राजस्व के विभिन्न कार्यों की प्रगति को लेकर चर्चा हुई। बैठक में जिला कलेक्टर ने कहा कि बंद रास्तों को खुलवाने के लिए अप्रैल-मई में अभियान चलाया जाएगा। कलेक्टर ने कहा कि जो रास्ते रिकॉर्डशुदा है और बंद है, उनका मार्च माह में चिह्निकरण किया जाए। 31 मार्च तक अतिक्रमित एवं बंद राजस्व रास्तों का सर्वे किया जाए। उन्हें रबी फसल कटने के बाद प्राथमिकता से खुलवाया जाए। उन्होंने गैर खातेदारों को खातेदारी देने के प्रकरणों एवं फार्मर रजिस्ट्री अभियान अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्री आईडी के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। अपवादित खातों के निस्तारण, प्राथमिक डिग्री के क्रियान्वयन को लेकर निर्देश दिए। बैठक में एडीएम ने त्योहारों, गेहूं की फसल कटाई के दौरान संवेदनशील स्थानों पर फायर ब्रिगेड के पुख्ता बंदोबस्त रखने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम श्री उम्मेदी लाल मीना सहित सभी उपखंडों के एसडीएम, तहसीलदार सहित अन्य राजस्व अधिकारी मौजूद रहे।
