News Breaking News
Live
wb_sunny

Breaking News

निर्जला एकादशी पर शीतल पेयजल के लिए मिला तोहफा

निर्जला एकादशी पर शीतल पेयजल के लिए मिला तोहफा

निर्जला एकादशी पर डब्बरवाला खुंजा विद्यालय में चिलिंग  प्लांट युक्त आधुनिक ‘जल घर’ का किया लोकार्पण 

भामाशाह श्री शिवशंकर खड़गावत ने माता-पिता की स्मृति में कराया निर्माण

खेल मैदान की चारदीवारी का किया शिलान्यास


हनुमानगढ़। वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के दूसरे दिन, निर्जला एकादशी के पुण्य अवसर पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, डब्बरवाला खुंजा में 500 लीटर क्षमता वाले आधुनिक जल-घर का लोकार्पण हुआ। जलघर में चिलिंग-प्लांट लगाया गया है, जिससे चौबीसों घंटे ठंडा पानी उपलब्ध रहेगा। इस जल-घर का निर्माण भामाशाह श्री शिवशंकर खड़गावत ने अपने माता-पिता की पावन स्मृति में कराया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक  गणेशराज बंसल ने की, जबकि मुख्य अतिथि जिला कलक्टर काना राम रहे। 

समारोह में जिला कलक्टर ने उपस्थित विद्यार्थियों व नागरिकों को जल-संरक्षण एवं सिंगल-यूज़ प्लास्टिक त्यागने की शपथ दिलवाई। इसके बाद विधायक, कलक्टर व जनप्रतिनिधियों ने विद्यालय की चारदीवारी निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। भामाशाह श्री खड़गावत एवं परिजनों ने खेल मैदान में पौधारोपण किया तथा पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री-गार्ड लगाने का संकल्प लिया। 

जिला कलक्टर श्री काना राम ने जल-घर को “जल संरक्षण जन अभियान” की आदर्श मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि पखवाड़े भर चलने वाले वंदे गंगा अभियान में जलस्रोतों की सफ़ाई, मरम्मत और जनजागरण के विविध कार्यक्रम पंचायत स्तर तक कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे भामाशाहों का सम्मान करते रहिए, ताकि और लोग आगे आए। जिला कलक्टर ने 8 अप्रैल के मुख्यमंत्री दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि एक छोटी बालिका ने मुख्यमंत्री को जो प्रार्थना पत्र सौंपा था, उसी के फलस्वरूप आज चारदीवारी निर्माण का शिलान्यास हो रहा है। उन्होंने खुंजा क्षेत्र में व्याप्त नशे पर चिंता जताई और युवाओं से मादक-द्रव्यों से दूर रहने का आग्रह किया। जिला कलक्टर ने नशामुक्ति की अपील करते हुए कहा कि यदि युवा पीढ़ी नशे से बचेगी, तभी यह क्षेत्र प्रगति करेगा। अपने संबोधन में विधायक गणेशराज बंसल ने कहा कि भामाशाह परम्परा हनुमानगढ़ की पहचान है; सामाजिक दायित्व निभाने में यह परिवार अग्रणी रहा है। भाजपा नेता श्री अमित सहू ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान की महत्ता गिनाते हुए अधिकाधिक पौधारोपण व वर्षा-जल संरक्षण का आह्वान किया। पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष श्री देवेंद्र पारीक ने औद्योगिक अपशिष्ट नहरों में छोड़ने पर रोक और ग्रामीण तालाबों के सुधारीकरण पर ज़ोर दिया। सीडीईओ श्री पन्नालाल कड़ेला ने जल-घर दान के लिए खड़गावत परिवार को धन्यवाद देते हुए कहा कि शुद्ध पेयजल से विद्यार्थियों का स्वास्थ्य सुधरेगा और पठन-पाठन में एकाग्रता बढ़ेगी। उन्होंने विद्यालय के खेल मैदान की चारदीवारी निर्माण हेतु जिला कलक्टर का भी आभार ज्ञापित किया। शिवशंकर खड़गावत ने भावुक स्वर में कहा कि विद्यालय समाज का दर्पण है; शुद्ध जल और सुरक्षित वातावरण देकर बच्चों को बेहतर भविष्य की राह दिखाना मेरा सौभाग्य है। आगे भी संस्थान की आवश्यकता पड़ने पर सहयोग देने को तत्पर रहूंगा। उन्होंने विद्यालय को आवश्यक फर्नीचर उपलब्ध कराने का दायित्व भी ग्रहण किया। कार्यक्रम के अंत में शाला परिवार ने भामाशाह सहित सभी अतिथियों को स्मृति-चिह्न और शॉल भेंट कर सम्मानित किया। मंचासीन अतिथियों में श्री अमित सहू, श्री देवेंद्र पारीक, श्री विकास गुप्ता, श्री सुमित रणवां, उपखण्ड अधिकारी श्री मांगीलाल सुथार, नगर परिषद आयुक्त श्री सुरेन्द्र सिंह यादव, सीडीईओ श्री पन्नालाल कड़ेला, श्री नितिन चुघ, एडीईओ श्री रणवीर शर्मा, प्रधानाचार्य श्री सीताराम व वार्ड पार्षद श्री अब्दुल हाफीज सम्मिलित थे। 





____

Tags

Newsletter Signup

Sed ut perspiciatis unde omnis iste natus error sit voluptatem accusantium doloremque.