स्वतंत्रता दिवस पर मेत्री क्रिकेट मैच
स्वतंत्रता दिवस पर जिला क्लब में खेला गया पत्रकार व प्रशासन एकादश के साथ रोमांचक मुकाबला
प्रशासन एकादश ने 19 रन से जीता मैत्री क्रिकेट मैच
जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने 11, एसपी श्री हरी शंकर ने बनाए 7 रन
हनुमानगढ़। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी प्रशासन एकादश और पत्रकार एकादश के बीच मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन जिला क्लब, हनुमानगढ़ जंक्शन में किया गया। यह मैच प्रशासन और मीडिया के आपसी संवाद को मजबूत करने की परंपरा का हिस्सा है, जिसे स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर हर साल खेला जाता है। मैच में प्रशासन एकादश ने शानदार खेल दिखाते हुए पत्रकार एकादश को 19 रन से पराजित कर जीत दर्ज की। प्रशासन टीम की कप्तानी जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने की, जबकि उप कप्तान की भूमिका जिला पुलिस अधीक्षक श्री हरी शंकर ने निभाई। पत्रकार एकादश की ओर से कप्तान की जिम्मेदारी वरिष्ठ पत्रकार श्री अदरिश खान ने संभाली। मैच 10-10 ओवर का खेल गया।
प्रशासन की बल्लेबाजी–77 पर सिमटी पारी
पत्रकार एकादश के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। प्रशासन की ओर से ओपनर के तौर पर जिला परिषद सीईओ श्री ओपी बिश्नोई और सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा मैदान में उतरे। हालांकि, पहली ही गेंद पर डॉ. नवनीत शर्मा शून्य पर आउट हो गए। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे एसडीएम श्री मांगीलाल और अन्य खिलाड़ियों ने टीम को संभालने की कोशिश की।
जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने शानदार 11 रन बनाए, वहीं एसपी श्री हरी शंकर 7 रन बनाकर बोल्ड हो गए। श्री विनोद पचार ने 19 और सीईओ श्री ओपी बिश्नोई और एसडीएम श्री मांगीलाल ने 7-7 रन का योगदान दिया। वहीं जिला खेल अधिकारी श्री शमशेर सिंह ने 15, एपीआरओ श्री राजपाल लम्बोरिया ने 4, विनोद नेहरा ने 2 रन की पारी खेली। एडीएम श्री उम्मेदी लाल अंत में शून्य पर आउट हो गए। पूरी टीम 10 वें ओवर की तीसरी गेंद पर 77 रन बनाकर आउट हो गई। पत्रकार एकादश की ओर से श्री मनोज पुरोहित और श्री विक्की ने तीन-तीन विकेट झटके, जबकि कप्तान श्री अदरिश खान ने दो और श्री राजेंद्र राठौड़ ने एक विकेट लिया।
पत्रकार एकादश की टीम निर्धारित ओवर में 58 रन बना सकी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पत्रकार एकादश की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। पहले ही ओवर में श्री दिव्यांशु रामगढ़िया रन आउट हो गए। इसके बाद लगातार विकेट गिरते रहे और पूरी टीम 58 रन पर ढेर हो गई। श्री हरी ने 11, श्री मनोज पुरोहित ने 8, श्री भगवान दास ने शून्य, राजेंद्र राठौड़ ने 10 और श्री मनीष शर्मा ने 6, श्री बलजीत ने दो, श्री संदीप शर्मा ने 1 रन बनाए। वहीं कप्तान श्री अदरिश पहली ही बॉल पर शून्य पर आउट हो गए। श्री प्रदीप पाल नॉट आउट रहे। प्रशासन की ओर से श्री अमर सिंह ने 2, श्री सुनील ने 2, एडीएम श्री उम्मेदी लाल मीना ने 1 और श्री ओपी बिश्नोई ने 1 विकेट चटकाए। श्री भोजराज यादव ने बेहतरीन फील्डिंग करते हुए चार कैच पकड़े।
संवाद और समन्वय को मजबूत करता है ऐसा आयोजन
इस मौके पर जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने कहा कि इस तरह के आयोजन प्रशासन और चौथे स्तंभ मीडिया के बीच आपसी समन्वय और संवाद को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। वहीं एसपी श्री हरी शंकर ने कहा कि जीत-हार से बढ़कर यह मैच आपसी सामंजस्य का प्रतीक है।
आयोजन में उत्साह, सम्मानित हुईं दोनों टीमें
मैच में नगर परिषद आयुक्त श्री सुरेंद्र यादव, कृषि उपज मंडी उपनिदेशक श्री देवीलाल कालवा, एनआईसी डीआईओ श्री शैलेंद्र, वरिष्ठ पत्रकार श्री गोपाल झा, श्री श्याम मिश्रा, श्री मनोज गोयल, श्री राजू रामगढ़िया, श्री कपिल शर्मा, श्री राजेश अग्रवाल, श्री राकेश सहारण, श्री विशु वाट्स, श्री संदीप शर्मा, श्री विश्वास भटेजा, श्री सचिन बंसल, श्री दीपक, श्री पवन खत्री, श्री लाल बहादुर, श्री लखविंदर सिंह, श्रीमती मैना देवी, श्री आसिफ खान, श्री चंद्रपाल पवार, श्री देशराज, श्री रतन सिंह, राज्य कर अधिकारी श्री नितिन चुघ सहित बड़ी संख्या में पत्रकारों, अधिकारियों ने उत्साह बढ़ाया। कमेंट्री की भूमिका श्री कुलदीप शर्मा, श्री सूर्य प्रकाश जोशी ने निभाई, जबकि श्री राजीव गोदारा और श्री ओलक ने अम्पायरिंग की। कार्यक्रम के अंत में विजेता और उपविजेता टीमों का सम्मान किया गया।


