News Breaking News
Live
wb_sunny

Breaking News

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के विकास कार्यों का किया शिलान्यास और लोकार्पण

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के विकास कार्यों का किया शिलान्यास और लोकार्पण

भादरा विधायक श्री बेनीवाल ने किया विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास 

हनुमानगढ़/भादरा। भादरा विधायक श्री संजीव बेनीवाल ने सोमवार को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के कई विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मलखेड़ा का शिलान्यास किया तथा उपस्वास्थ्य केन्द्र 5 सीएचएन के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। इसी क्रम में उन्होंने मलखेड़ा के महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में एक कमरा मय बरामदा निर्माण की घोषणा की और विद्यालय में विज्ञान संकाय का शुभारंभ भी किया।

विधायक श्री बेनीवाल ने भादरा शहर के वार्ड नंबर 34 कुटिया रोड पर शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि इस केंद्र के माध्यम से जच्चा-बच्चा और आमजन को नजदीक ही छोटी बीमारियों का इलाज उपलब्ध होगा। उन्होंने बताया कि भादरा ब्लॉक में किसी भी गांव या वार्ड को स्वास्थ्य सुविधा से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।

विधायक ने बताया कि वर्तमान राज्य सरकार के कार्यकाल में नेठराना पीएचसी को सीएचसी तथा रासलाना उपस्वास्थ्य केन्द्र को पीएचसी में क्रमोन्नत किया गया है। भादरा ब्लॉक में मेडिकल ऑफिसर, नर्सिंग ऑफिसर, फार्मासिस्ट, सीएचओ और एएनएम के सभी पदों पर भर्ती कर नियुक्ति दे दी गई है। वहीं पीएचसी निनान का 143 लाख रुपए की लागत से निर्माण पूर्ण कर हैंडओवर कर दिया गया है।

विधायक ने बताया कि वर्तमान में पीएचसी डूंगराना, पीएचसी मुन्सरी और पीएचसी महाराना का निर्माण क्रमशः 159 लाख, 225 लाख व 225 लाख रुपए की लागत से किया जा रहा है। इसके अलावा उपस्वास्थ्य केन्द्र बीबीपुर, आसन, पचारवाली, कनाउ, गंगासिंहपुरा, रामसरा, मेहलिया, करणपुरा, खचवाना, भरवाना एवं उज्जलवास का निर्माण लगभग 55 लाख रुपए की लागत से किया जा रहा है। भादरा शहर में तीन नए शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर भी प्रस्तावित हैं।

खण्ड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लक्ष्य चौधरी ने बताया कि शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में पीएचसी स्तर की सुविधाएं आमजन को उपलब्ध करवाई जाएंगी। यहां 6 प्रकार की जांच, 350 प्रकार की दवाइयां तथा चिकित्सक व नर्सिंग स्टाफ की सेवाएं दी जाएगी। उन्होंने बताया कि पीएचसी मलखेड़ा 1.59 करोड़ रुपए की लागत से चार बेडेड केयर सेंटर के रूप में प्रस्तावित है, जबकि उपस्वास्थ्य केन्द्र 5 सीएचएन का 41 लाख की लागत से बना भवन लोकार्पित किया गया है।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. सुनिल विधार्थी (जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी), डॉ. लक्ष्य चौधरी (सीएमएचओ), सीबीईओ श्री जनेन्द्र खन्ना, जलदाय विभाग के एईएन श्री कुलदीप लाम्बा, विद्युत विभाग की जेइएन स्वेता सहारण, नोडल अधिकारी श्री नवीन झाझड़िया, नर्सिंग ऑफिसर, पंचायत समिति प्रतिनिधि श्री राजवीर भडिया व श्री सुरेश भिलारा उपस्थित रहे। इस अवसर पर श्री हरीप्रकाश शर्मा, श्री सत्यप्रकाश चाहर, श्री भागीरथ ढाका, श्रेय सुनिल बेनीवाल, श्री बलवंत सैनी, श्री पुरुषोत्तम कालिरावणा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, चिकित्सा विभाग का स्टाफ व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


Tags

Newsletter Signup

Sed ut perspiciatis unde omnis iste natus error sit voluptatem accusantium doloremque.