वर्ल्ड फूड इंडिया 2025: फूड प्रोसेसिंग फॉर प्रॉसपर्टी
वर्ल्ड फूड इंडिया 2025:नई दिल्ली में 25 से 28 सितंबर तक होगा आयोजन
जिले के उद्यमियों को मिलेगा वैश्विक मंच
हनुमानगढ़। खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय भारत सरकार की ओर से 25 से 28 सितंबर, 2025 तक नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में वर्ल्ड फूड इंडिया 2025 का चौथा संस्करण आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को वैश्विक पहचान दिलाने के साथ-साथ जिले के उद्यमियों के लिए भी नए बाजारों तक पहुंच बनाने का अवसर लेकर आया है।
वर्ल्ड फूड इंडिया का यह संस्करण अब तक का सबसे बड़ा आयोजन होगा। इसमें 90 से ज्यादा देशों, 2,000 से अधिक प्रदर्शकों और खाद्य मूल्य श्रृंखला से जुड़े हजारों हितधारकों की भागीदारी होगी। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह आयोजन भारत को खाद्य नवाचार और स्थिरता का वैश्विक केंद्र बनाने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगा।
जिले के उद्यमियों के लिए सुनहरा मौका
जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र, हनुमानगढ़ ने खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों से अपील की है कि वे इस प्रदर्शनी में भाग लेकर अपने उत्पादों की मार्केटिंग और नए बाजारों तक पहुंच सुनिश्चित करें। महाप्रबंधक श्रीमती आकाशदीप सिद्ध ने कहा कि यह मंच हनुमानगढ़ के ब्रांडेड उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में सहायक होगा।
राज्य सरकार दे रही अनुदान
उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए राजस्थान सरकार की ‘एक जिला–एक उत्पाद नीति 2024’ के तहत राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय मेलों/प्रदर्शनियों में भागीदारी पर सहयोग दिया जा रहा है। योजना के तहत एक वित्तीय वर्ष में दो बार स्टॉल किराये का 75 प्रतिशत (अधिकतम 1.50 लाख रुपये) तक अनुदान और दो व्यक्तियों का बस या 3-एसी क्लास का किराया पुनर्भरण उपलब्ध कराया जाता है।
ऐसे करें आवेदन
उद्यमी स्टॉल बुकिंग और आयोजन से जुड़ी जानकारी के लिए फिक्की उपनिदेशक श्री अपूर्व भटनागर (मो. 9801444330) से संपर्क कर सकते हैं। वहीं एक जिला–एक उत्पाद नीति की विस्तृत जानकारी जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र से प्राप्त की जा सकती है।
श्रीमती आकाशदीप के मुताबिक जिले के खाद्य प्रसंस्करण उत्पाद—जैसे मूंगफली, ग्वार, कपास बीज से बने उत्पाद एवं क्षेत्रीय कृषि आधारित सामग्री—इस आयोजन के जरिये राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय खरीदारों तक पहुंच सकते हैं। इससे जिले के लघु उद्यमियों को भी बड़ा लाभ मिलेगा।
