दिव्यांग सहायता शिविर
पीलीबंगा में दिव्यांग सहायता शिविर,
11 दिव्यांगों की जांच कर मेडिकल प्रमाण पत्र किए जारी
हनुमानगढ़ (पीलीबंगा) । में दिव्यांग एवं जनकल्याण सेवा समिति द्वारा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी हनुमानगढ़ डॉक्टर नवनीत शर्मा एवं मुख्य ब्लॉक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी पीलीबंगा डॉक्टर मनोज अरोड़ा के मार्गदर्शन में दिव्यांग सहायता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। दिव्यांगों को दिव्यांग मेडिकल प्रमाण-पत्र वितरित कर लाभान्वित किया। समिति अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता हरबंस लाल सहारण ने बताया कि गरीब व असहाय एवं पीड़ित व्यक्ति की मदद करने के उद्देश्य से सोमवार को पीलीबंगा, हनुमानगढ़, टिब्बी सहित अन्य उपखंड क्षेत्र से विभिन्न श्रेणी के दिव्यांग मेडिकल प्रमाण-पत्र से वंचित दिव्यांगों अनमोल सदासिंहवाला (पीलीबंगा), अजमल प्रेमनगर हनुमानगढ़ टाउन, अंजू देवी फतेहगढ़(हनुमानगढ), संतोष केहरवाला (टिब्बी) सहित 11 दिव्यांगों को दिव्यांग मेडिकल प्रमाण-पत्र का लाभ दिलवाकर लाभान्वित किया गया।
जिला चिकित्सालय कार्यवाहक उप-नियंत्रक डॉक्टर ओपी सोलंकी की मौजूदगी में मेडिकल बोर्ड टीम ऑर्थो विशेषज्ञ डॉक्टर विकास चौधरी, मेडिसिन एमडी डॉक्टर राजेश कटेवा, ईएनटी विशेषज्ञ डॉक्टर जितेंद्र कुमार जांगिड़, नेत्ररोग विशेषज्ञ डॉक्टर मनीष सोनी, शिशुरोग विशेषज्ञ डॉक्टर वेदपाल बिजारणियां, फिजियोथेरेपिस्ट डॉक्टर आदित्य जैन की टीम द्वारा आवश्यक जांच की कार्यवाही को मौके पर ही पूर्ण करते हुए विभिन्न श्रेणी के 11 दिव्यांग मेडिकल प्रमाण-पत्र जारी किए। गौरतलब है कि समिति द्वारा निरंतर दिव्यांगों एवं वृद्धजनों की सहायतार्थ हनुमानगढ़ जिले के प्रत्येक उपखंड क्षेत्र में पहुंचकर संबंधित उपखंड प्रशासन के मार्गदर्शन में निस्वार्थ भाव से अपनी सेवाएं प्रदान की जा रही है।
इस पुनीत कार्य में जिला चिकित्सालय कार्यवाहक उप-नियंत्रक डॉक्टर ओपी सोलंकी एवं रोगी मित्र नरेंद्रसिंह राजपूत, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय सदासिंहवाला प्रधानाध्यापक विनोद कुमार सहारण, समिति अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता हरबंस लाल सहारण जाखडा़वाली, ताल्लुका विधिक सेवा समिति टिब्बी अधिकार मित्र जगदीश डूडी, समिति सदस्य दिव्यांग हेमंत शाक्य पीलीबंगा व विनोद सेवादार डबलीकलां, जिला चिकित्सालय ई-मित्र संचालक कालूराम मोरवाल का सराहनीय योगदान रहा।

