News Breaking News
Live
wb_sunny

Breaking News

उपकर संग्रहण की समीक्षा

उपकर संग्रहण की समीक्षा

उपकर वसूली में तेजी के निर्देश: संयुक्त श्रम आयुक्त ने की हनुमानगढ़ में गहन समीक्षा

लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण पर जोर

हनुमानगढ़। जिले में निर्माण उपकर संग्रहण की स्थिति की गहन समीक्षा के लिए संयुक्त श्रम आयुक्त श्री आसकरण मालवीय द्वारा गुरुवार को जिले में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला श्रम कल्याण अधिकारी श्री देवेन्द्र मोदी सहित जिले के समस्त श्रम निरीक्षक उपस्थित रहे।

बैठक में जिला श्रम कल्याण अधिकारी ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में जिले को 15 करोड़ रुपये के उपकर संग्रहण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके विरुद्ध जनवरी माह के अंत तक 7.37 करोड़ रुपये की वसूली की जा चुकी है। लक्ष्य प्राप्ति की दिशा में जिले में 545 निर्माण स्थलों का सर्वे कर उपकर नोटिस जारी किए गए हैं, जबकि 227 उपकर निर्धारण आदेश भी पारित किए जा चुके हैं।

उन्होंने बताया कि 59 ऐसे मामलों में, जहां उपकर निर्धारण आदेश जारी होने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया, उन्हें शत-प्रतिशत तक की वसूली सुनिश्चित करने हेतु शास्ति (पेनल्टी) राशि सहित राजस्व शाखा में प्रेषित किया गया है।

संयुक्त श्रम आयुक्त श्री मालवीय ने समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि जिले में रेरा में पंजीकृत वे संस्थान, जिन्होंने उपकर निर्धारण आदेश के पश्चात भी उपकर जमा नहीं कराया है, उनके विरुद्ध शत-प्रतिशत शास्ति राशि सहित वसूली एवं कुर्की की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, शेष बचे संस्थानों का यथाशीघ्र उपकर निर्धारण कर प्रभावी वसूली के निर्देश भी दिए गए।

उल्लेखनीय है कि उपकर संग्रहण में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर मुख्यालय द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए श्री मालवीय को जिले का प्रभारी नियुक्त किया गया। अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान उन्होंने श्रम विभाग की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की तथा जिले में भ्रमण कर विभिन्न नवनिर्मित एवं निर्माणाधीन इकाइयों को चिन्हित करते हुए तत्काल नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने उपकर संग्रहण में वृद्धि के लिए पूर्व में लंबित 3621 मामलों में एकतरफा उपकर निर्धारण कर शीघ्र निस्तारण करने तथा वसूली से संबंधित लंबित प्रकरणों की प्रगति से जिला कलेक्टर को नियमित रूप से अवगत करवाने के निर्देश भी दिए। 

Tags

Newsletter Signup

Sed ut perspiciatis unde omnis iste natus error sit voluptatem accusantium doloremque.