News Breaking News
Live
wb_sunny

Breaking News

गेहूं की एमएसपी पर गेहूं की खरीद के लिए समीक्षा बैठक

गेहूं की एमएसपी पर गेहूं की खरीद के लिए समीक्षा बैठक

गेहूं खरीद को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक

2026-27 में एमएसपी 2585 रुपए, खरीद के समय होगा बायोमैट्रिक सत्यापन

हनुमानगढ़। कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को गेहूं खरीद प्रक्रिया को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एडीएम श्री उम्मेदी लाल मीना ने की। बैठक में डीएसओ श्री सुनील घोड़ेला ने गेहूं खरीद प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि गत वर्ष 2025-26 में जिले में कुल 58 क्रय केंद्र संचालित किए गए थे। इन केंद्रों के माध्यम से 46,718 किसानों से 8.62 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की गई थी, जिसके एवज में 2219 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया।

डीएसओ ने बताया कि पिछले वर्ष न्यूनतम समर्थन मूल्य 2425 रुपए प्रति क्विंटल था, जिस पर राज्य सरकार द्वारा 150 रुपए प्रति क्विंटल अतिरिक्त बोनस दिया गया था। इस प्रकार किसानों को कुल 2575 रुपए प्रति क्विंटल का भुगतान किया गया।

चालू वर्ष 2026-27 में गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। फिलहाल बोनस की घोषणा नहीं हुई है। इस वर्ष जिले में गेहूं का कुल बुआई क्षेत्रफल 2,39,300 हैक्टेयर का रहा है।

अतिरिक्त जिला कलेक्टर श्री उम्मेदी लाल मीना ने बताया कि इस वर्ष गेहूं खरीद में नवाचार करते हुए किसानों का जन आधार के माध्यम से बायोमैट्रिक सत्यापन किया जाएगा। यह सत्यापन पंजीकरण के समय नहीं, बल्कि गेहूं खरीद के समय किया जाएगा। उन्होंने भारतीय खाद्य निगम के अधिकारियों को शीघ्र टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर व्यवस्थाओं में सुधार करने के निर्देश दिए। साथ ही निविदा में समय पर कार्य पूरा नहीं होने पर पेनल्टी की शर्तें जोड़ने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि मजदूरों, गेहूं उठाव और गोदामों से संबंधित सभी अनुबंध समय से पहले पूर्ण कर लिए जाए तथा किसानों को भुगतान समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही सभी मंडियों में सीसीटीवी कैमरे, पेयजल, पंखे, कूलर और सहायता केंद्रों की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।

अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि मंडियों में योग्य एवं प्रशिक्षित क्वालिटी इंस्पेक्टर तैनात हों, सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पहचान पत्र पहनें तथा निर्धारित मापदंडों के अनुसार अधिकृत ऑपरेटर ही मीटर का संचालन करें। बैठक के दौरान खरीद एजेंसियों ने गेहूं खरीद प्रक्रिया में आ रही समस्याओं से भी प्रशासन को अवगत कराया।

बैठक में एफसीआई प्रबंधक श्री विकास काले, प्रबंधक (भंडारण) श्री महेश कुमार सैनी, जीएम श्री सुखविन्द्र सिंह, कृषि संयुक्त निदेशक डॉ. प्रमोद कुमार, कृषि विपणन उपनिदेशक श्री विष्णु दत्त शर्मा, सहकारिता उप-रजिस्ट्रार श्री अमिलाल सहारण सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



___

Tags

Newsletter Signup

Sed ut perspiciatis unde omnis iste natus error sit voluptatem accusantium doloremque.