खिलाड़ियों का कॉफी विद कलेक्टर
जिला कलेक्टर ने "कॉफी विद कलेक्टर" में किया खिलाड़ियों से संवाद, खेलों में चुनौतियों पर हुई चर्चा
खिलाड़ियों ने दिए सुझाव, कलेक्टर और एसपी ने प्रयासों की सराहना की
हनुमानगढ़। विद्यालय स्तरीय राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाली 10वीं कक्षा की छात्रा मणिका बिश्नोई सहित विभिन्न खेल प्रतिस्पर्धाओं में पदक जीतने वाले 23 विद्यार्थियों के लिए शुक्रवार का दिन बड़ा अहम रहा। दरअसल जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने इन विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को "कॉफी विद कलेक्टर" कार्यक्रम में आमंत्रित किया एवं इनसे सभी पहलुओं पर चर्चा की। विदित रहें कि जिला कलेक्टर द्वारा किए गए इस नवाचार में यह पहला कार्यक्रम था, जब जिला कलेक्टर और जिला पुलिस अधीक्षक श्री हरी शंकर विद्यार्थियों से खुलकर सीधी चर्चा कर रहे थे। जिला कलेक्टर ने प्रत्येक खिलाड़ी से हर पहलू पर चर्चा करते हुए, उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
जिला कलेक्टर द्वारा खिलाड़ियों को बेटी-बचाओ, बेटी पढ़ाओं और मानस अभियान के लोगो के बैग, डायरी और कॉफी मग वितरित किए गए। कार्यक्रम में स्कूल में अध्ययरत खिलाड़ियों के संघर्ष वाले अनुभवों और चुनौतियों को सुनकर सभागार में बैठे प्रत्येक अधिकारी और खिलाड़ी ने तालिया बजाकर खिलाड़ियों की हौंसला अफजाई की। जिला कलेक्टर ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रोत्साहित करने वाले खिलाड़ियों की कहानी को अन्य युवाओं तक पहुंचाना तथा जिले में खेलों के लिए माहौल तैयार करना है। जिला प्रशासन इन विद्यार्थियों से सुझाव लेकर विद्यार्थियों के लिए उन पर कार्य करेगा।
जिला कलेक्टर ने कहा कि लगन के साथ प्रयास करें और खेलों में प्रयास और अनुभव का परिणाम अवश्य मिलेगा। सरकार का भी प्रयास है कि स्कूलों में खेलों को प्रोत्साहित किया जाए। गांव से निकलकर बच्चे ओलंपिक भी जीत सकते हैं। जिला कलेक्टर ने कहा कि अगर आप खिलाड़ी, डॉक्टर या अधिकारी बनाना चाहते है तो आपको निर्णय जल्द लेना होगा। जीवन में बड़ा गोल रखें तथा अधिकतम प्रयास करें। सरकार, प्रशासन और लोगों में बहुत सकारात्मक माहौल है। सब मदद करने को तैयार है। आपकी प्रतिस्पर्धा बेहतर तैयारी करने वालों के साथ है, इसलिए हमेशा बेहतरीन की तलाश में रहे।
आठवीं कक्षा में अध्यनरत रोलर स्केटिंग की राष्ट्रीय खिलाड़ी रूपिंदर कौर ने संगरिया में राष्ट्रीय स्तर के रिंक निर्माण कराने, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में शारीरिक शिक्षिका श्रीमती चंपा ने मक्कासर में सॉफ्टबॉल सामग्री उपलब्ध करवाने तथा मैदान में पुलिस रेकी बढ़ाने, एथलीट देविका ने ललाना बास दिखनादा के खेल मैदान में जिम के संसाधन उपलब्ध करवाने सहित विभिन्न खिलाड़ियों, अभिभावकों तथा प्रशिक्षकों ने सुझाव दिए।
"कॉफी विद कलेक्टर" में यह खिलाड़ी भी रहे मौजूद
"कॉफी विद कलेक्टर" में नेशनल वेटलिफ्टिंग में स्वर्ण पदक विजेता नरेश कुमार, धैर्य स्वामी, 17 वर्षीय कबड्डी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक विजेता अजय कुमार, हैंडबॉल 14 वर्षीय में स्वर्ण पदक विजेता अभिजोत, अभिमन्यु बिश्नोई, भुवन सिंह, निशा, युक्ति, वेटलिफ्टिंग 14 वर्षीय में स्वर्ण पदक विजेता हरमन सिंह, वॉलीबॉल 17 वर्षीय में रजत पदक विजेता जन्नत और योगिता, सॉफ्टबॉल में कांस्य पदक विजेता गायत्री और रीटा, वूशु में स्वर्ण पदक विजेता विक्की, गुलशन और आशु, रजत पदक विजेता निरीक्षा कंवर, मनीष कुमार और नरेंद्र तथा रेसलिंग में आरजू ने हिस्सा लिया।



