किसान जागृति यात्रा
संयुक्त किसान मोर्चा निकलेगा कन्याकुमारी से कश्मीर तक किसान जागृति यात्रा
19 मार्च को दिल्ली में होगी महापंचायत
![]() |
संगरिया। आंदोलनों की ऐतिहासिक भूमि संगरिया में आज संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आगामी संघर्ष की रूपरेखा साझा की गई। राष्ट्रीय सह-सचिव एम.पी. सहारण टिब्बी के नेतृत्व में किसान नेताओं ने केंद्र सरकार तक अपनी आवाज पहुँचाने के लिए दो बड़े कार्यक्रमों की शुरुआत की है। रणनीति के पहले चरण के तहत देश के गांव-गांव में जाकर किसानों से प्रधानमंत्री के नाम मांग पत्र पर हस्ताक्षर करवाए जाएंगे ताकि जन-जन की सहमति को सरकार के समक्ष रखा जा सके।
आंदोलन के दूसरे और सबसे महत्वपूर्ण चरण में आगामी 7 फरवरी को कन्याकुमारी से 'किसान जागृति यात्रा' का आगाज किया जाएगा। यह यात्रा कन्याकुमारी से शुरू होकर देश के विभिन्न राज्यों का दौरा करते हुए और किसानों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए जम्मू-कश्मीर तक पहुँचेगी। इस लंबी यात्रा का समापन 19 मार्च 2026 को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली एक विशाल किसान महापंचायत के साथ होगा। इसी महापंचायत के दौरान देशभर से एकत्रित किए गए हस्ताक्षर युक्त मांग पत्र प्रधानमंत्री को सौंपे जाएंगे।
आज की इस महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस में किसान नेता इंद्रजीत पन्नी वाला, महावीर सहारण, रमेश भादू, कुलविंदर सिंह, प्यारा सिंह, हंसराज, गगनदीप कौर, गुरबचनसिंह, दर्शन सिंह, लाभ सिंह, और गुरमेल सिंह सहित कई प्रमुख पदाधिकारियों ने शिरकत की। सभी नेताओं ने एक सुर में किसान एकता पर जोर देते हुए कहा कि यह यात्रा देश के कृषि परिदृश्य में एक नया बदलाव लाने का काम करेगी।
