कर्तव्य बोध दिवस पर कार्यक्रम
कर्तव्य बोध दिवस: विद्यार्थियों में जगाया राष्ट्र भाव व स्वदेशी बोध
अधिकारों की मांग की पूर्ति पर ध्यान कम, कर्तव्य को सकल मनोभाव से निर्वहन करने को दे प्राथमिकता: प्राचार्य डॉ. सोनी
टिब्बी। शहर के राजकीय महाविद्यालय में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान उच्च शिक्षा की जिला इकाई के द्वारा कर्तव्य बोध दिवस का आयोजन किया गया। आयोजन के मुख्य वक्ता महासंघ के जिला सचिव डॉ रोहिताश शर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी किताबी ज्ञान लेकर के उपाधि प्राप्त करना चाहता है, तो यह ज्ञान का सही स्वरूप नहीं है। ज्ञान का सही स्वरूप विद्यार्थी अपने आचरण में राष्ट्र हेतु श्रद्धा सेवा एवं अनुशासन का भाव रखें।
गुरु का कर्तव्य यह नहीं कि वह केवल अपना पाठ्यक्रम पूरा कराये, बल्कि विद्यार्थियों में राष्ट्र भाव, सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण एवं स्वदेशी बोध को जगाए। जिससे विद्यार्थी राष्ट्र सेवा के विभिन्न पदों को सुशोभित करेंगे। यदि विद्यार्थी में राष्ट्रीय चरित्र का भाव निहित है तो वह विकसित भारत की अवकल्पना को साकार रूप देने में अपना योगदान दे सकता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुभाष सोनी द्वारा की गई। उन्होंने कहा कि हमें अधिकारों की मांग की पूर्ति पर ध्यान कम देना चाहिए अपितु कर्तव्य को सकल मनोभाव से निर्वहन करने को प्राथमिकता देनी चाहिए। मंच संचालन धीरज शर्मा ने किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के संकाय सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।


