स्वरोजगार जागरूकता कार्यशाला
जिला प्रशासन एवं माय भारत केंद्र द्वारा स्वरोजगार जागरूकता कार्यशाला का आयोजन
“युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता के अवसर तलाशने होंगे” — डॉ. खुशाल यादव
हनुमानगढ़। जिला प्रशासन एवं माय भारत केंद्र, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय एन.एम.पी.जी. कॉलेज में शुक्रवार को स्वरोजगार जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने कहा कि वर्तमान समय में स्वयं का रोजगार और उद्यम स्थापित करने के लिए व्यापक अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी युवक व्यवसाय प्रारंभ करना चाहता है, तो राज्य एवं केंद्र सरकार की अनेक योजनाओं के माध्यम से ऋण, वित्तीय सहायता एवं सब्सिडी प्राप्त कर सकता है।
कार्यशाला में स्वरोजगार एवं उद्यमिता में रुचि रखने वाले लगभग 300 युवाओं ने भाग लिया। जिला कलेक्टर डॉ. यादव ने प्रतिभागियों से स्वरोजगार एवं उद्यमिता के विषय में संवाद भी किया तथा उनके प्रश्नों के उत्तर दिए।
डॉ. यादव ने कहा कि आने वाले समय में सरकारी नौकरियां कम होती जा रही हैं, और रोजगार के पारंपरिक विकल्प सीमित हो रहे हैं। नौकरी में व्यक्ति अपनी क्षमता के अनुरूप अधिक विस्तार नहीं कर पाता, इसलिए युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता की ओर आगे बढ़ना होगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करें और उसे प्राप्त करने के लिए 100 प्रतिशत प्रयास करें।
कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी श्रीमती रीना केसरिया ने कहा कि वर्तमान समय में उद्यमिता एवं स्वरोजगार में अपार संभावनाएं हैं और सरकार द्वारा नए उद्यमों को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। जिला युवा कार्यक्रम सलाहकार समिति सदस्य श्री दलीप वर्मा ने कहा कि युवाओं को चाहिए कि स्वयं का रोजगार शुरू करें तथा किसी भी कार्य को प्रारंभ करने से पहले समुचित प्रशिक्षण अवश्य प्राप्त करें।
कार्यक्रम में कॉलेज प्राचार्य डॉ. रामपाल ने अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया तथा कार्यशाला में जिला उद्योग केंद्र से उद्योग अधिकारी श्री दया बांगड़वा, भारतीय स्टेट बैंक के प्रबंधक श्री अभिषेक साह, एच.डी.एफ.सी. बैंक के प्रबंधक श्री गोपाल निमिवाल ने विभिन्न स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर जिला साइक्लिंग संघ के संयुक्त सचिव श्री योगेंद्र सिंह, एनएसएस समन्वयक डॉ. विनोद खुड़ीवाल, सहायक आचार्य श्री अनमोल शर्मा, एनएसएस प्रभारी श्रीमती किरण, श्री विजय मोयल, श्री मोहित इंसा सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।


