जिला कलेक्टर का चौपाल कार्यक्रम
जिला कलेक्टर ने नेठराना में किया सावित्रीबाई ज्योतिबा फुले सार्वजनिक पुस्तकालय का लोकार्पण
रात्रि चौपाल में सुनीं जन समस्याए, अधिकारियों को दिए निर्देश
हनुमानगढ़। स्थानीय नागरिकों और विद्यार्थियों के लिए गुरुवार का दिन एक बड़ी सौगात लेकर आया, जब ग्राम पंचायत नेठराना में सावित्रीबाई ज्योतिबा फुले सार्वजनिक पुस्तकालय का भव्य उद्घाटन जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव द्वारा किया गया। उद्घाटन समारोह में संबोधित करते हुए डॉ. यादव ने कहा कि सावित्रीबाई फुले का जीवन संघर्ष और शिक्षा के प्रति उनका समर्पण पूरे समाज के लिए प्रेरक है। उनके नाम पर बने इस पुस्तकालय का उद्देश्य केवल पुस्तकों तक पहुंच उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि ‘रीडिंग कल्चर’ को पुनर्जीवित करना है।
जिला कलेक्टर ने कहा कि यह लाइब्रेरी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं और वंचित वर्ग के विद्यार्थियों के लिए ‘ज्ञान का घर’ बनेगा। जिला कलेक्टर ने पुस्तकालय परिसर का निरीक्षण किया, पठन सामग्री की सराहना की और बताया कि पुस्तकालय में एक अतिरिक्त हॉल भी शीघ्र तैयार किया जाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि, “जब आप सफल होंगे, तो अपने गांव के विकास में भी भागीदार बनेंगे।”
रात्रि चौपाल में जिला कलेक्टर ने सुनी आमजन की परिवेदनाएं
पुस्तकालय के उद्घाटन के उपरांत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नेठराना में रात्रि चौपाल आयोजित की गई, जिसमें जिला कलेक्टर डॉ. यादव ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ जनसुनवाई की। उन्होंने बड़ी गंभीरता से ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और जिन मामलों का मौके पर समाधान संभव था, उन्हें तुरंत निस्तारित करवाया। अन्य परिवादों पर अधिकारियों को सकारात्मक व त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और कहा कि प्रशासन का उद्देश्य अन्तिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना।
पानी चोरी पर सख्ती के निर्देश,यादव ने संबंधित विभागों को पानी चोरी रोकने के लिए सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। चौपाल में विकसित भारत जी राम जी योजना में काम शुरू करवाने, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ दिलवाने, जल जीवन मिशन अंतर्गत पेयजल सप्लाई दुरुस्त करवाने तथा अवैध कनेक्शन हटवाने, नालियों की सफाई, अवैध मोघो और नाकों को बंद करवाने सहित अनेक प्रकरणों पर ग्रामीणों की सुनवाई की गई। इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले क्रिकेट खिलाड़ियों को भी जिला कलेक्टर ने सम्मानित किया। रात्रि चौपाल में जिला परिषद सीईओ श्री ओपी बिश्नोई, एसडीएमसी श्री भागीरथ राम, तहसीलदार श्री धर्मेंद्र जांदू, बीडीओ श्रीमती शीला देवी, विभागीय अधिकारी एवं ग्राम पंचायत प्रशासक श्री राजेंद्र कुमार उपस्थित रहे।



