गणतंत्र दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम
जिले में गरिमापूर्ण और समारोहपूर्वक मनाया जाएगा 77वां गणतंत्र दिवस
पत्रकारों और प्रशासन के बीच होगा मैत्री क्रिकेट मैच
हनुमानगढ़। 77 वें गणतंत्र दिवस को जिले में गरिमापूर्ण और समारोहपूर्वक मनाया जाएगा। जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने बताया कि जिला स्तरीय समारोह जंक्शन स्थित राजीव गांधी स्टेडियम में आयोजित होगा। जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम, मार्च पास्ट, परेड, घुड़सवारी, झांकियों आदि का प्रदर्शन किया जाएगा। उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों और संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा। इसको लेकर रविवार को स्टेडियम में तैयारियां चलती रही।
जिला कलेक्टर ने बताया कि 8:30 बजे तक सभी कार्यालयाध्यक्ष अपने कार्यालय पर झंडारोहण करेंगे तथा 9:15 बजे जिला स्तरीय कार्यक्रम राजीव गांधी स्टेडियम, जंक्शन में झंडारोहण होगा। राजस्थान पुलिस की महिला एवं पुरुष विंग, आरएसी, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट सहित विभिन्न विद्यालयों द्वारा मार्च पास्ट का आयोजन होगा। इसके उपरांत राज्यपाल के संदेश का पठन, घुड़सवारी, व्यायाम प्रदर्शन और विभिन्न विभागों द्वारा झांकियों का प्रदर्शन होगा। विद्यार्थियों द्वारा बैंड वादन और जिले के विभिन्न स्कूली छात्रों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।
सम्मान व पारितोषिक वितरण
जिला स्तरीय कार्यक्रम में वीरांगनाओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया जाएगा। विशिष्ट कार्य करने वाले गणमान्य व्यक्तियों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम में चिकित्सा, महिला एवं बाल विकास, ट्रैफिक पुलिस की ओर से विभिन्न थीम पर 15 झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा।
पत्रकारों और प्रशासन के बीच होगा मैत्री क्रिकेट मैच
हर बार की तरह इस बार भी गणतंत्र दिवस पर मुख्य समारोह के आयोजन के बाद पत्रकारों और पुलिस-प्रशासन की टीम के बीच जिला क्लब में मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन होगा।

