जिला पशु चिकित्सालय का जिला कलक्टर में किया निरीक्षण
पशुपालकों को बेहतर सेवाएँ देने पर जोर
जिला कलेक्टर ने जिला पशु चिकित्सालय का किया औचक निरीक्षण
पशु चिकित्सा सेवाओं में कोताही ना बरतें : जिला कलेक्टर
हनुमानगढ़। जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने शनिवार को हनुमानगढ़ टाऊन स्थित जिला पशु चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर चिकित्सालय की व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पशुओं के उपचार, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय सुविधाओं तथा स्टाफ की कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया।
जिला कलेक्टर ने ओपीडी कक्ष, वार्ड, औषधि भंडार, टीकाकरण इकाई एवं प्रतीक्षालय का निरीक्षण करते हुए पशुपालकों को दी जा रही सेवाओं की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने चिकित्सालय परिसर में स्वच्छता बनाए रखने तथा पशुओं के लिए अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने कहा कि पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। पशुपालकों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण पशु चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने पशु चिकित्सकों को निर्देशित किया कि उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सभी पशुओं का समयबद्ध एवं संवेदनशीलता के साथ उपचार किया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि आवश्यक दवाएं एवं टीके हमेशा पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें।
जिला कलेक्टर ने स्टाफ को नियमित उपस्थिति, बेहतर व्यवहार एवं समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि पशुपालकों को अनावश्यक परेशान न किया जाए। उन्होंने बीमार पशुओं की निगरानी, रिकॉर्ड संधारण तथा आपातकालीन सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश देते हुए जिला कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि पशु चिकित्सा सेवाओं में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इस दौरान पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक सहित अस्पताल स्टाफ उपस्थित रहा। इसके साथ ही जिला कलेक्टर ने पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, हनुमानगढ़ जंक्शन का भी निरीक्षण किया तथा ग्राम उत्थान शिविर में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। गौरतलब है कि सभी एसडीएम, तहसीलदारों ने भी अपने—अपने क्षेत्रों के पशु चिकित्सालयों का औचक निरीक्षण किया।
____


