वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना
वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना अंतर्गत हनुमानगढ़ से विशेष रेलगाड़ी 5 फरवरी को होगी रवाना,
तिरूपति यात्रा के लिए 970 यात्री होंगे सवार
हनुमानगढ़। देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत तिरूपति–पद्मावती दर्शन के लिए विशेष रेलगाड़ी 5 फरवरी, 2026 को प्रातः 11 बजे हनुमानगढ़ रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। यह विशेष ट्रेन हनुमानगढ़–बीकानेर–भगत की कोठी (जोधपुर) मार्ग से होकर तिरूपति जाएगी।
योजना के तहत संचालित इस तीर्थ यात्रा में कुल 970 वरिष्ठ नागरिक यात्री सम्मिलित होंगे। इनमें हनुमानगढ़ रेलवे स्टेशन से हनुमानगढ़ डिवीजन के 200 यात्री, बीकानेर रेलवे स्टेशन से बीकानेर डिवीजन के 200 यात्री तथा भगत की कोठी रेलवे स्टेशन से जोधपुर डिवीजन के 570 यात्री यात्रा में सवार होंगे। सभी चयनित यात्रियों को संबंधित रेलवे स्टेशनों पर समय से पहुंचने के लिए सूचित किया जा रहा है, ताकि यात्रा पूर्व की सभी औपचारिकताएं समय पर पूर्ण की जा सकें।
सहायक आयुक्त श्री ओमप्रकाश ने बताया कि हनुमानगढ़ एवं श्रीगंगानगर जिले के यात्रियों को हनुमानगढ़ रेलवे स्टेशन पर प्रातः 6 बजे, बीकानेर एवं चूरू जिले के यात्रियों को बीकानेर रेलवे स्टेशन पर प्रातः 11 बजे, जबकि जोधपुर डिवीजन के यात्रियों को भगत की कोठी रेलवे स्टेशन पर दोपहर 2 बजे रिपोर्ट करना होगा।
यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यात्रा के दौरान एक ट्रेन प्रभारी, प्रत्येक कोच में दो सरकारी कर्मचारी अनुदेशक के रूप में तैनात रहेंगे। इसके अतिरिक्त चिकित्सा व्यवस्था के लिए एक चिकित्सक एवं दो नर्सिंग अधिकारी भी साथ रहेंगे, जो यात्रा के दौरान यात्रियों के स्वास्थ्य की देखरेख करेंगे।
श्री ओमप्रकाश ने बताया कि वर्ष 2025-26 के अंतर्गत तिरूपति–पद्मावती के लिए चयनित मुख्य तीर्थ यात्रियों को व्यक्तिगत रूप से दूरभाष एवं संदेश के माध्यम से सूचना दी जा रही है। यात्रियों को अपने साथ ऑनलाइन भरे गए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी (स्वप्रमाणित चिकित्सीय प्रमाण-पत्र सहित), मूल जनआधार/आधार कार्ड, दो पासपोर्ट साइज फोटो तथा दैनिक उपयोग की सामग्री जैसे आवश्यक दवाइयां, व्यक्तिगत जरूरत के लिए नकद राशि एवं कपड़े लाना अनिवार्य होगा।
यात्रा अवधि के दौरान सात दिनों तक आवास, भोजन एवं अन्य सभी व्यवस्थाएं देवस्थान विभाग, राजस्थान सरकार द्वारा की जाएगी। इस प्रकार यह तीर्थ यात्रा वरिष्ठ नागरिकों के लिए पूर्णतः निःशुल्क रहेगी।
____
