बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्राधीक्षको को दिया प्रशिक्षण
पीएम श्री राउमावि रावतसर में बोर्ड परीक्षा केंद्राधीक्षकों की जिला स्तरीय प्रशिक्षण बैठक संपन्न
रावतसर। पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, रावतसर में आगामी माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान, अजमेर द्वारा आयोजित बोर्ड परीक्षाओं के सफल एवं पारदर्शी आयोजन को लेकर सीडीओ पन्नालाल कड़ेला की अध्यक्षता में केंद्राधीक्षकों एवं पेपर कार्डिनेटर हेतु जिला स्तरीय मीटिंग का आयोजन किया गया। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी जितेंद्र कुमार बठला, उपखंड अधिकारी रावतसर संजय अग्रवाल, सीबीईओ रावतसर हरिश बैनीवाल,एडीईओ अजय कुमार भार्गव सहित प्रशिक्षण देने वाले विशेषज्ञ मास्टर ट्रेनर पवन कुमार कौशिक, इकबाल सिंह सिहाग, रोहिताश चुघ सहित आयोजक विद्यालय प्रधानाचार्य सत्यदेव राठौड़ उपस्थित रहे।
मीटिंग के दौरान राजस्थान बोर्ड परीक्षाओं की नवीन गाइडलाइन पर विस्तार से चर्चा की गई तथा केंद्र संचालन, गोपनीय सामग्री की सुरक्षा, परीक्षार्थियों की सुविधा, अनुशासन व्यवस्था एवं निष्पक्ष परीक्षा संचालन से संबंधित महत्वपूर्ण निर्देश प्रदान किए गए। जैसे सीटिंग प्लान विषयवार, टाइम टेबल सूचना पट पर चस्पा करना, परीक्षा कक्ष साफ सुथरा उपयुक्त रोशनी खिड़कियां आदि सुव्यवस्थित होवे। विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र की जांच आवश्यक रूप से की जावे अगर किसी विद्यार्थी का प्रवेश पत्र गुम होता है तो उसे 50 रूपये शुल्क जमा करवाकर नया प्रवेश पत्र दिया जावे इसके साथ ही उन्होंने बताया कि प्रत्येक केंद्र पर परीक्षा से संबंधित सभी महत्वपूर्ण रजिस्टर तैयार हो जिनमें मुख्य रूप से निरीक्षण पंजिका, अनुपस्थित रजिस्टर, प्रश्न पत्र लेखा जोखा, वीक्षक ड्यूटी पंजिका, अलमारी खोलने व बन्द करने का रिकॉर्ड चाहे वह अलमारी फ्लाइंग दस्ते द्वारा ही खुलवायी गई हो।उन्होंने सीडब्ल्यूएसएन से संबंधित भी निर्देश दिए की श्रुतलेखक दृष्टि बाधित, सूर्यमुखी, मायोपिया, सेरेब्रल पाल्सी, लकवा ग्रस्त विद्यार्थियों को निर्धारित प्रारूप में डॉक्यूमेंट तैयार होने पर 40% या अधिक विकलांगता पर दिया जावे। विकलांगता से ग्रस्त विद्यार्थियों को 20 मिनट प्रति घंटा अतिरिक्त समय के अनुसार 60 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जावे तथा उन्होंने यह भी कहा कि नेत्रहीन विद्यार्थियों की कॉफी पर लाल पेन से दृष्टि बाधित अंकित करना अनिवार्य है।अधिकारियों ने केंद्राधीक्षकों को परीक्षा प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराने के लिए प्रेरित किया।
सीडीओ श्री पन्नालाल कड़ेला ने कहा कि बोर्ड परीक्षा विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ी होती है, इसलिए सभी अधिकारी एवं कार्मिक पूरी संवेदनशीलता एवं सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, तथा कोई भी कार्मिक बोर्ड परीक्षा केंद्र पर मोबाइल लेकर नहीं आये।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री जितेंद्र कुमार बठला ने परीक्षा केंद्रों पर समयबद्ध व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया सभी केन्द्राधीक्षकों और पीईईओ को निर्देश दिया की सभी राजकीय और गैर-सरकारी विद्यालय के सभी परिक्षार्थियों को अपने अपने विद्यालय की गणवेश में ही परीक्षा केंद्र पर भेजें। वहीं एसडीएम श्री संजय अग्रवाल ने प्रशासनिक सहयोग का भरोसा दिलाया तथा सभी वीक्षक ऐसे नियुक्त करें जिस पर कोई विभागीय कार्यवाही प्रस्तावित नहीं हो और निष्ठावान हों।
बैठक के अंत में एडीईओ अजय कुमार भार्गव सभी केंद्राधीक्षकों को बोर्ड दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने का संकल्प दिलाया गया, परीक्षार्थियों को स्मार्ट वाच उपयोग में नहीं लाने के निर्देश दिए तथा सभी परीक्षा कक्षों में सभी केन्द्राधीक्षकों को घड़ी लगाने के निर्देश दिए गए।कार्यक्रम के अंत में स्थानीय विद्यालय के प्रधानाचार्य सत्यदेव राठौड़ द्वारा उपस्थित सभी अतिथियों का आभार प्रकट किया तथा उपरोक्त व्यवस्था में सहयोग करने हेतु विकास माडल पब्लिक स्कूल रावतसर के व्यवस्थापक हनुमान प्रसाद शर्मा का आभार प्रकट किया।।



