जनगणना–2027 के लिए प्रथम चरण का प्रशिक्षण सम्पन्न
मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य के लिए नियमित सहायकों का जिला स्तरीय तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न
डिजिटल जनगणना के नवाचारों के प्रति आमजन को करें प्रेरित — जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव
हनुमानगढ़। जनगणना–2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य के लिए नियमित सहायकों का जिला स्तरीय तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शनिवार को संपन्न हुआ। 12 से 14 फरवरी तक राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में आयोजित प्रशिक्षण का समापन प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव की अध्यक्षता में हुआ।
समापन सत्र में कलेक्टर ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि नवीनतम जनगणना के आंकड़ों का उपयोग राष्ट्रीय नीति निर्माण और आधारभूत संरचना विकास में किया जाएगा, इसलिए जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में पूर्ण गंभीरता व शुद्धता सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि डिजिटल जनगणना के अंतर्गत किए गए नवाचारों, विशेषकर स्व-गणना प्रक्रिया के बारे में अधिक से अधिक लोगों को जागरूक किया जाए। साथ ही चार्ज स्तर पर कार्य कर रहे कार्मिकों को योजना बनाकर निर्धारित समयावधि में सभी कार्य पूर्ण करने को कहा।
जनगणना निदेशालय के मास्टर ट्रेनर श्री योगेश बजाज और श्री नीरज कुमार ने प्रथम चरण से संबंधित कार्यों की विस्तृत जानकारी दी तथा प्रतिभागियों को जनगणना के लिए तैयार पोर्टल और मोबाइल एप्लीकेशन पर अभ्यास भी कराया। कार्यक्रम में उप जिला जनगणना अधिकारी डॉ. ममता बिश्नोई, सांख्यिकी अधिकारी श्री अरुण कुमार, सहायक सांख्यिकी अधिकारी श्री सुरेन्द्र कुमार, सांख्यिकी निरीक्षक श्री विकास बिश्नोई, सहायक प्रोग्रामर श्री सचिन जिंदल और श्री आदित्य वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


