बागवानी कृषकों को उद्यानिकी विशेषज्ञ देंगे प्रशिक्षण
बागवानी कृषकों के लिए 17 फरवरी को विशेष प्रशिक्षण
संगरिया के कृषि विज्ञान केंद्र में होगा प्रशिक्षण
हनुमानगढ़। बागवानी से जुड़े कृषकों को पोस्ट हार्वेस्ट मैनेजमेंट, प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन की तकनीकों से अवगत कराने के लिए 17 फरवरी, 2026 को कृषि विज्ञान केंद्र, संगरिया में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव के निर्देशानुसार प्रशिक्षण को उद्यान विभाग की ओर से आयोजित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण में नेशनल हॉर्टिकल्चर बोर्ड, गुरुग्राम के उपनिदेशक डॉ. प्रदीप कुमार सहित अन्य उद्यानिकी विशेषज्ञ फलों के उत्पादन के बाद ग्रेडिंग, पैकिंग, वैक्सिंग, प्रोसेसिंग और मूल्य संवर्धन की आधुनिक विधियों की विस्तृत जानकारी देंगे। साथ ही प्रोसेसिंग इकाइयों की स्थापना से संबंधित तकनीकी पहलुओं पर भी मार्गदर्शन किया जाएगा।
उपनिदेशक उद्यान डॉ. रमेश चंद्र बराला ने बताया कि केंद्र व राज्य सरकार द्वारा प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन के लिए अनेक अनुदानित योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इनके माध्यम से किसान उत्पादन के बाद प्रसंस्करण कर प्रति इकाई क्षेत्र व समय में अधिक शुद्ध लाभ अर्जित कर सकते हैं। प्रशिक्षण में नेशनल हॉर्टिकल्चर बोर्ड के अधिकारी बोर्ड एवं केंद्र सरकार की सुविधाओं और योजनाओं की जानकारी भी देंगे।
कार्यक्रम में अतिरिक्त निदेशक कृषि श्रीगंगानगर, संयुक्त निदेशक कृषि विस्तार हनुमानगढ़, उपनिदेशक कृषि एवं पदेन परियोजना निदेशक आत्मा हनुमानगढ़ तथा कृषि विज्ञान केंद्र संगरिया के वैज्ञानिक कृषकों से संवाद करेंगे। प्रशिक्षण में हनुमानगढ़ व श्रीगंगानगर जिलों के बागवानी गतिविधियों में रुचि रखने वाले प्रगतिशील किसान भाग लेंगे। इसके लिए कृषि एवं उद्यान विभाग द्वारा किसानों के बीच प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
