केंद्रीय बजट विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प का मजबूत आधार
गरीब, किसान, युवा, महिला और मध्यम वर्ग के सशक्तिकरण पर केंद्रित हैं बजट — श्री ओमकार सिंह लखावत
राजस्थान धरोहर संरक्षण एवं प्रोन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष ने की केन्द्रीय बजट पर प्रेस कॉन्फ्रेंस
हनुमानगढ़। केंद्रीय बजट को लेकर राजस्थान धरोहर संरक्षण एवं प्रोन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री ओमकार सिंह लखावत ने सोमवार को जंक्शन स्थित सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट 2026–27 को समावेशी और दूरदर्शी बजट बताया। जो गरीब, किसान, युवा, महिला और मध्यम वर्ग के सशक्तिकरण पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि यह बजट विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत आधार देता है तथा सामाजिक न्याय के साथ आर्थिक विकास की दिशा तय करता है।
बजट में युवाओं के लिए कौशल विकास, रोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। एमएसएमई और स्टार्टअप्स के लिए फंडिंग, शिक्षा से रोजगार को जोड़ने की पहल, कृषि व पशुपालन को आधुनिक बनाने, किसानों की आय बढ़ाने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने पर जोर दिया गया है।
स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और व्यापार सुगमता भी बजट की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल हैं। आवश्यक दवाओं पर सीमा शुल्क में कटौती, महिला उद्यमिता व सुरक्षा से जुड़े प्रावधान, सेमीकंडक्टर, शहरी विकास और निर्यात को प्रोत्साहन देने के कदम उठाए गए हैं। सरकार के अनुसार यह बजट देश को तेज, संतुलित और सतत विकास की ओर ले जाने वाला है। इस मौके पर उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर और विदेशों में भारत की प्रसिद्धि का भी जिक्र किया।
इस मौके पर हनुमानगढ़ जनप्रतिनिधि श्री अमित सहू, श्री प्रमोद डेलू, पूर्व विधायक श्री धर्मेंद्र मोची, श्री प्रदीप ऐरी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि मौजूद रहें।
