संगरिया में किन्नौ महोत्सव का आयोजन,
पंच—गौरव किन्नौ महोत्सव का आयोजन,
550 किसानों ने लिया हिस्सा, वैज्ञानिक तकनीकों से बढ़ेगी आय
हनुमानगढ़। राज्य सरकार के “पंच गौरव” कार्यक्रम के अंतर्गत संगरिया स्थित कृषि विज्ञान केंद्र ग्रामोत्थान विद्यापीठ में शुक्रवार को किन्नौ महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। उद्यान विभाग और जिला प्रशासन हनुमानगढ़ के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में जिले व आसपास क्षेत्रों से लगभग 550 किसान, प्रगतिशील बागवान, वैज्ञानिक, उद्यमी और विभागीय अधिकारी शामिल हुए।
कार्यक्रम में जिला परिषद सीईओ श्री ओ.पी. बिश्नोई ने कहा कि हनुमानगढ़ किन्नौ उत्पादन की दृष्टि से अपार संभावनाओं वाला क्षेत्र है। यदि किसान वैज्ञानिक पद्धतियां, संतुलित पोषण प्रबंधन और आधुनिक सिंचाई तकनीक अपनाएं तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान बना सकते हैं। उन्होंने उद्यानिकी को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
![]() |
महोत्सव में आयोजित फल व सब्जी प्रतियोगिता में किसानों ने उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद प्रदर्शित किए। विभिन्न विभागों और कंपनियों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर नवीन कृषि यंत्र, उन्नत किस्में, जैविक उत्पाद और प्रसंस्करण तकनीक प्रदर्शित की गईं। किसानों ने विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर समस्याओं का समाधान भी प्राप्त किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रतियोगिताओं और उत्कृष्ट स्टॉल प्रदर्शन में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र व पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. अनूप कुमार ने कहा कि ऐसे आयोजन से किन्नौ उत्पादन को वैज्ञानिक आधार मिलेगा, लागत घटेगी और किसानों की आय बढ़ेगी। उन्होंने किसानों से किसान सारथी ऐप में पंजीकरण कराने का आह्वान भी किया।
____



