“पंच गौरव कार्यक्रम” के अंतर्गत भव्य किन्नौ महोत्सव
27 फरवरी को कृषि विज्ञान केंद्र संगरिया में किन्नौ महोत्सव का आयोजन
हनुमानगढ़। कृषि विज्ञान केंद्र संगरिया में 27 फरवरी 2026 को “पंच गौरव कार्यक्रम” के अंतर्गत भव्य किन्नौ महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. अनूप कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि महोत्सव के अंतर्गत किसानों के लिए विशेष तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें पंजाब कृषि विश्वविद्यालय लुधियाना तथा चौधरी चरण सिंह कृषि विश्वविद्यालय हिसार के प्रख्यात वैज्ञानिक किन्नौ उत्पादन, उन्नत किस्मों, पौध संरक्षण एवं विपणन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी साझा करेंगे।
इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में किन्नौ आधारित उत्पादों की प्रदर्शनी, कृषि तकनीकों का प्रदर्शन तथा विभिन्न संस्थानों एवं कृषकों द्वारा स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जिससे किसानों को नवीनतम तकनीकी जानकारी एवं उद्यमिता के अवसर प्राप्त होंगे। कृषि विज्ञान केंद्र संगरिया द्वारा क्षेत्र के अधिक से अधिक कृषकों से कार्यक्रम में भाग लेकर इसका लाभ उठाने की अपील की गई है।
.jpg)