पेंशनरों के लिए समस्या समाधान शिविर
पेंशनरों की समस्याओं के निवारण हेतु 6 मार्च को जिला कोषालय में शिविर
हनुमानगढ़। दूर-दराज क्षेत्रों के पेंशनरों को अब अपनी परिवेदनाओं के समाधान के लिए संभागीय कार्यालय नहीं जाना पड़ेगा। जिला कोषालय हनुमानगढ़ में 6 मार्च, 2026 को पेंशनरों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। पेंशनभोगी लंबे समय से जन्मतिथि निर्धारण, नाम संशोधन, पेंशन संशोधन तथा बकाया एरियर भुगतान जैसी समस्याओं के समाधान के लिए संपर्क कर रहे थे। इन शिकायतों में से कई मामलों का निस्तारण जिला स्तर पर ही संभव होने के कारण यह शिविर आयोजित किया जा रहा है।
जिला कोषाधिकारी श्री कृष्ण कुमार ने बताया कि शिविर को सफल बनाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा हैं, ताकि अधिक से अधिक पेंशनर इसमें अपनी शिकायतें दर्ज करा सकें। जन्मतिथि निर्धारण और पारिवारिक पेंशन संबंधी आवेदन पत्रों के निर्धारित प्रारूप पहले ही पेंशनर्स समाज को उपलब्ध कराए जा चुके हैं, जिससे शिविर के दिन पेंशनर सीधे निर्धारित प्रारूप में आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे। कोषालय के कर्मचारियों को भी मौके पर समाधान योग्य मामलों का तुरंत निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं।
शिविर में प्राप्त परिवेदनाओं का पृथक संधारण कर कोषालय और जिला कार्यालय स्तर पर सतत समन्वय से कार्यवाही की जाएगी। शिविर में मौके पर निस्तारित न हो सकने वाले मामलों पर एक सप्ताह के भीतर आवश्यक कार्रवाई पूरी कर रिपोर्ट जिला कार्यालय को भेजनी होगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पेंशनरों को समय पर राहत पहुंचाना प्राथमिकता है, जिसके लिए सभी विभागों को जिम्मेदारी से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
.jpg)