मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव का आयोजन
28 फरवरी को मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव,
नवनियुक्त कार्मिकों से होगा संवाद
हनुमानगढ़। मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव का आयोजन शनिवार, 28 फरवरी, 2026 को प्रातः 10 बजे हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री वर्चुअल माध्यम से जुड़कर राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में नवनियुक्त कार्मिकों से संवाद करेंगे।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज हनुमानगढ़ बनाए गए हैं, जबकि सहायक नोडल अधिकारी के रूप में राजकीय चिकित्सालय हनुमानगढ़ टाउन के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी अधिकारियों को सौंपते हुए निर्देश दिए हैं कि सभी अधिकारी निर्धारित दायित्वों का समय पर निर्वहन सुनिश्चित करें, ताकि आयोजन सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
