स्वयंसेवकों की भर्ती
स्वयंसेवकों की नामांकन प्रक्रिया 19 से 22 मार्च तक
हनुमानगढ़। गृह रक्षा प्रशिक्षण केंद्र हनुमानगढ़ के अभ्यर्थियों की नामांकन प्रक्रिया 19 से 22 मार्च 2026 तक हिमादास स्टेडियम, राजस्थान पुलिस आवासीय कॉलोनी, करणी नगर, बीकानेर में आयोजित की जाएगी। यह प्रक्रिया निदेशालय, गृह रक्षा राजस्थान जयपुर द्वारा गठित चयन समिति के सदस्यों की देखरेख में सम्पन्न होगी। नामांकन प्रक्रिया में गृह रक्षा महानिदेशक के प्रतिनिधि, केंद्र/गण समादेष्टा तथा जिला पुलिस अधीक्षक के प्रतिनिधि सदस्य के रूप में उपस्थित रहेंगे। चार दिनों तक चलने वाली इस प्रक्रिया में हनुमानगढ़ के 35 रिक्त पदों के लिए 10,625 अभ्यर्थी भाग लेंगे।अभ्यर्थियों को नामांकन प्रक्रिया की सूचना मोबाइल एसएमएस और ई-मेल के माध्यम से भेजी जाएगी। इसके बाद अभ्यर्थी दिए गए लिंक या विभागीय वेबसाइट http://home.rajasthan.gov.in/homeguards पर जाकर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। गृह रक्षा स्वयंसेवकों की नामांकन प्रक्रिया लगभग तीन सप्ताह तक चलने की संभावना है। अलग-अलग जिलों के अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि और समय पर उपस्थित होने के लिए बुलाया जाएगा। सभी अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र में दिए गए महत्वपूर्ण निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा।
अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर मूल दस्तावेज जैसे मूल निवास प्रमाण पत्र, आयु प्रमाण पत्र, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, विशेष योग्यता प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, चिकित्सा प्रमाण पत्र, विवाह प्रमाण पत्र, पुलिस सत्यापन प्रमाण पत्र सहित प्रवेश पत्र में उल्लेखित अन्य दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना होगा। नामांकन स्थल पर प्रवेश के बाद किसी भी अभ्यर्थी को ग्राउंड से बाहर जाकर दस्तावेज लाने की अनुमति नहीं होगी। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय के दूरभाष नंबर 01552-261070 पर संपर्क किया जा सकता है।
___
